पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट का संशोधित कार्यक्रम जारी, 22 अप्रैल को होगा अंतिम प्रकाशन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

रायबरेलीः उत्तर प्रदेश के रायबरेली में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया गया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) हर्षिता माथुर ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, लखनऊ की संशोधित अधिसूचना के तहत अब नई समय-सारिणी के अनुसार आगे की कार्यवाही कराई जाएगी। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 21 अप्रैल तक मतदाता सूचियों का कंप्यूटरीकरण, मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एसवीएन आवंटन तथा सूची डाउनलोडिंग का कार्य पूरा किया जाएगा। इसके बाद 22 अप्रैल 2026 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन जनसामान्य के लिए किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), समस्त उपजिलाधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में संशोधित पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। साथ ही सभी संबंधित कार्यालयों के सूचना पट्टों पर कार्यक्रम प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि पुनरीक्षण अवधि के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्य संपादित किया जाएगा।

संबंधित समाचार