अमित शाह का TMC पर तीखा हमला : कहा- बंगाल में तृणमूल के 'सिंडिकेट राज' को खत्म करेगी भाजपा सरकार
ओंडा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल में सत्ता में आती है, तो वह तृणमूल कांग्रेस के 'सिंडिकेट राज' को समाप्त कर देगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में महिलाओं पर अत्याचार करने वालों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। बांकुड़ा जिले के ओंडा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने आलू किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी उपज को देशभर में भेजा जाएगा, ताकि उन्हें उचित मूल्य मिल सके।
उन्होंने कहा, ''बंगाल विधानसभा चुनाव जीतने के बाद हम तृणमूल कांग्रेस सरकार के 'सिंडिकेट राज' को खत्म कर देंगे। अब हीरक रानी को 'टाटा बाय बाय' कहने का समय आया है।'' शाह ने ऑस्कर विजेता फिल्मकार सत्यजीत राय की 1980 में रिलीज हुई क्लासिक फिल्म 'हिरक राजार देशे' (हीरों का साम्राज्य) का उल्लेख किया। उत्पल दत्त और सौमित्र चटर्जी अभिनीत यह फिल्म एक ऐसे राजा की कहानी है, जो तानाशाह होता है और विरोध करने वालों तथा अपनी प्रजा पर अत्याचार करता है।''
उन्होंने आरोप लगाया कि ''राज्य में सीमेंट से लेकर रेत खरीदने तक हर काम के लिए या तो सत्ताधारी पार्टी को 'कट मनी' देनी पड़ती है या सिंडिकेट के जरिए गुजरना पड़ता है।'' उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने महिलाओं से रात में बाहर न निकलने को कहा है, जबकि भाजपा शासित असम में एक लड़की रात एक बजे भी सोने के गहने पहनकर बिना डर के बाहर निकल सकती है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ''बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं की 24 घंटे सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।'' उन्होंने कहा कि राज्य के सरकारी आर जी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात एक डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना ने बंगाल को शर्मसार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के संदेशखलि में महिलाओं को वर्षों तक तृणमूल कांग्रेस के गुंडों के अत्याचार झेलने पड़े। शाह ने कहा, ''ममता बनर्जी के शासनकाल में महिलाओं पर अत्याचार करने वाले सभी लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।''
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि ''बंगाल के आलू किसानों की उपज को पूरे देश में भेजा जाएगा, ताकि उन्हें उचित मूल्य मिल सके।'' उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ने पहले अन्य राज्यों में आलू की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया था। अब किसानों का आरोप है कि इस साल बंपर उत्पादन के कारण कीमतों में गिरावट आ गई है, जिससे वे संकट का सामना कर रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री ने यह भी कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर घुसपैठियों को बाहर कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, ''भारत कोई 'धर्मशाला' नहीं है और देश के लिए खतरा बने घुसपैठियों को बाहर निकाल दिया जाएगा।'' शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा में भाजपा के 300 से अधिक कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद इसके लिए जिम्मेदार सभी लोगों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए अर्धसैनिक बलों के साथ पर्याप्त व्यवस्था की है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, ''हम यह सुनिश्चित करेंगे कि विधानसभा चुनाव के दौरान तृणमूल कांग्रेस का कोई भी गुंडा गड़बड़ी न कर सके।'' पश्चिम बंगाल में 294 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना चार मई को होगी।
