Azamgarh News: भूमाफिया संगम राय की संपत्ति कुर्क करने की चेतावनी
आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में जालसाजी और संगठित अपराध के आरोपित भू-माफिया गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने फरार चल रहे संगम राय उर्फ कुंदन राय के विरुद्ध धारा 84 बीएनएसएस के तहत मुनादी की कार्रवाई करते हुए आत्मसमर्पण न करने पर संपत्ति कुर्क करने की चेतावनी दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने शनिवार को बताया कि शासन की माफिया विरोधी नीति के तहत थाना कोतवाली और बरदह पुलिस की संयुक्त टीम ने गैंगस्टर एवं भू-माफिया कृष्णचंद्र राय गिरोह के वांछित अभियुक्तों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अब तक 13 घटनाओं को अंजाम दिया है। आरोप है कि गिरोह के सदस्यों ने फर्जी नक्शे, कूटरचित दस्तावेज और सरकारी अभिलेख तैयार कर लोगों को जमीन बेचने के नाम पर ठगा। जांच के अनुसार गिरोह ने लगभग दो करोड़ 87 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। अकेले कोतवाली क्षेत्र में 33.30 लाख रुपये की जालसाजी का मामला प्रकाश में आया था।
पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना कृष्णचंद्र राय जेल में बंद है। गिरोह में उसकी पत्नी रेनू राय और पुत्र संगम राय उर्फ कुंदन राय की भी सक्रिय भूमिका बताई गई है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, आजमगढ़ के आदेश के अनुपालन में पुलिस टीम ने फरार अभियुक्त के आवास और संभावित ठिकानों पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई। पुलिस ने कहा कि लगातार दबिश के बावजूद अभियुक्त फरार है और न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहा है। निर्धारित अवधि में समर्पण न करने पर उसकी चल-अचल संपत्ति कुर्क की जाएगी।
