मिर्जापुर में अधिवक्ता की दिनदहाड़े गोली मार कर हत्या, इलाके में सनसनी, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र शनिवार सुबह एक अधिवक्ता की बाइक सवार बदमाश ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। प्रारंभिक तौर पर हत्या का कारण चुनावी रंजिश बताया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक अर्पणा कौशिक ने बताया कि विंध्याचल थाना क्षेत्र के देवरी गांव निवासी राजीव उर्फ रिंकू सिंह पूर्व ग्राम प्रधान पति थे। उनकी पत्नी वर्तमान में ग्राम प्रधान हैं। वह कटरा थाना क्षेत्र के सद्भावना नगर में मकान बनाकर रहते थे और सिविल कोर्ट में वकालत करते थे। 

उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह करीब सात बजे मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने रिंकू सिंह को नजदीक से गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक के अनुसार घटना के संबंध में गांव के दो लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज में हमलावर मोटरसाइकिल से आते दिखाई दे रहे हैं। एक आरोपी वाहन से उतरकर गोली मारता है और फिर साथी के साथ फरार हो जाता है। घटना के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता और स्थानीय नागरिक पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए तथा विरोध प्रदर्शन किया। 

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंडलायुक्त राजेश प्रकाश और पुलिस महानिरीक्षक आर.पी. सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई। सूत्रों के अनुसार मृतक पर पूर्व में भी दो बार जानलेवा हमला हो चुका था तथा हत्या की आशंका को लेकर रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।  

संबंधित समाचार