बाराबंकी : प्रसव के बाद बिगड़ी तबीयत, जच्चा बच्चा की मौत, परिवार में कोहराम
मसौली/बाराबंकी, अमृत विचार। शिशु जन्म के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने से पहले महिला ने दम तोड़ा फिर कुछ ही देर बाद शिशु की भी मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से परिवार में रोना पिटना मचा है।
जानकारी के अनुसार यह घटना शनिवार की दोपहर हुई। थाना व कस्बा मसौली के मोहल्ला ब्लाक कॉलोनी निवासी इशरत अली की 32 वर्षीय पत्नी लैलातुननिशा को प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव में सुबह 10 बजे भर्ती कराया गया था। करीब 11 बजकर 30 मिनट पर प्रसव हुआ और पुत्र ने जन्म लिया। प्रसव के बाद महिला की हालत सामान्य रही लेकिन कुछ ही देर बाद अचानक तबीयत खराब होने लगी।
सीएचसी के चिकित्सक जब तक महिला का इलाज शुरु करते, उससे पूर्व एक के बाद एक जच्चा बच्चा की मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची मसौली पुलिस ने पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा कि यह मृत महिला का तीसरा बच्चा था, इससे पूर्व दो बच्चे हैं।
सीएचसी प्रभारी अधीक्षक डा0 राधेश्याम गौड़ ने बताया कि प्रसव के बाद महिला की स्थिति सामान्य थी। कुछ ही देर बाद दिल की धड़कन बढ़ गयी जिसके कारण जच्चा की मौत हो गयी, कुछ ही पलों बाद बच्चे ने भी दम तोड़ दिया।
