Uttrakhand: रामनगर में अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, दो को किया गिरफ्तार
रामनगर, अमृत विचार। घरेलू गैस की किल्लत के बीच अवैध रिफिलिंग के गोरखधंधे का पुलिस और प्रशासन ने बड़ा खुलासा किया है। खताड़ी मोहल्ले में एक घर में चल रहे अवैध गैस रिफिलिंग केंद्र पर छापेमारी कर टीम ने 34 गैस सिलेंडर बरामद किए, जिनमें छोटे और बड़े दोनों प्रकार के सिलेंडर शामिल हैं। साथ ही गैस भरने के उपकरण, तराजू-बांट और डीजल से भरी कैन भी जब्त की गई।
कार्रवाई गोपाल सिंह चौहान और सुशील कुमार के संयुक्त नेतृत्व में की गई। जांच में सामने आया कि बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरकर 200 से 250 रुपये प्रति किलो की दर से बिक्री की जा रही थी। मौके से अमन उर्फ भुल्ला और शहजाद (पुत्र रईस अहमद) को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार गैस एजेंसी से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुमित पांडे ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक दीपक बिष्ट, पीरुमदारा चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह बिष्ट, मालधन चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार, कांस्टेबल अमित कुमार, गगन भंडारी, संजय सिंह तथा महिला कांस्टेबल रेशु शामिल रहे।
बड़ा सवाल
नगर में गैस किल्लत के बीच बड़े पैमाने पर सिलेंडर आखिर अवैध कारोबारियों तक कैसे पहुंचे, यह गंभीर सवाल बना हुआ है। चर्चा है कि गैस एजेंसी से जुड़े कुछ कर्मियों की भी संलिप्तता हो सकती है। हालांकि प्रशासन ने कहा है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और सच्चाई जल्द सामने लाई जाएगी।
