Uttrakhand: टांडा जंगल में फिल्मी अंदाज में लूट, एई को पीटकर बदमाश फरार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग स्थित टांडा जंगल में बुधवार रात सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां पेयजल निगम के एक सहायक अभियंता को कार सवार बदमाशों ने घेरकर बुरी तरह पीटा और सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। घायल सहायक अभियंता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मूल रूप से बागेश्वर निवासी और वर्तमान में रामपुर रोड, हल्द्वानी में रहने वाले उमेश जोशी, जो पेयजल निगम में सहायक अभियंता के पद पर रुद्रपुर में तैनात हैं, रोजाना की तरह ड्यूटी के बाद अपनी ऑल्टो कार से घर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े 9 बजे टांडा जंगल क्षेत्र में अचानक दो कारों में सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को निशाना बना लिया।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले पीछे से टक्कर मारकर कार को रोका, फिर एक गाड़ी आगे और दूसरी पीछे लगाकर उन्हें पूरी तरह घेर लिया। इसके बाद 8-10 युवक कारों से उतरकर आए और उमेश जोशी पर हमला कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया और गले से करीब दो तोले की सोने की चेन लूट ली।

घटना के दौरान किसी तरह घायल अभियंता ने अपनी पत्नी को फोन कर जानकारी दी। सूचना मिलते ही उनकी पत्नी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीपी नगर चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन सहित एक संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया है।

घायल अभियंता की पत्नी लता जोशी ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर अन्य हमलावरों की पहचान की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार