कन्नौज : मंत्री कुलजीत सिंह ने किया छिबरामऊ साधन सहकारी समिति का निरीक्षण, दिए ये अहम निर्देश
छिबरामऊ/कन्नौज। उत्तर प्रदेश शासन के दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री प्रभारी एवं कृषि समृद्धि आयोग के सदस्य कुलजीत सिंह ने शनिवार को छिबरामऊ पूर्वी बाईपास स्थित साधन सहकारी समिति का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उर्वरक स्टॉक और वितरण व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया।
मंत्री ने उर्वरक वितरण रजिस्टर की जांच की, जिसमें कृषकों के आधार और मोबाइल नंबर सही ढंग से अंकित पाए गए। उन्होंने पारदर्शी वितरण व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।पीसीएफ द्वारा संचालित गेहूं खरीद केंद्र पर निरीक्षण के दौरान एक किसान से 30 कुंतल गेहूं की खरीद की गई। सरकार द्वारा निर्धारित 2585 रुपये प्रति कुंतल के समर्थन मूल्य पर खरीद की पुष्टि की गई। केंद्र पर किसानों को पोर्टल रजिस्ट्रेशन, आधार, खतौनी और मोबाइल नंबर के साथ आने पर सुगम खरीद की प्रक्रिया समझाई गई।
मंत्री ने जिला सहकारी बैंक के माध्यम से किसानों को मात्र 3% ब्याज पर केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय उप कृषि निदेशक संतोष कुमार, डीसीबी फतेहगढ़ के महाप्रबंधक सुनील त्रिपाठी, अपर जिला सहकारी अधिकारी मनीष कुमार, शाखा प्रबंधक गजेंद्र सिंह, अध्यक्ष मनीष मिश्रा सहित सचिव राजेश दुबे और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
