Bhadohi News: भाजपा विधायक दीनानाथ ने जतायी राजनीति से संन्यास की इच्छा, चर्चाओं का बाजार गर्म
भदोही। उत्तर प्रदेश में भदोही जिले की औराई सुरक्षित विधानसभा सीट के भाजपा विधायक दीनानाथ भास्कर ने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की इच्छा जतायी है। भास्कर ने अपने फेसबुक एकाउंट पर पोस्ट कर कहा, "मैं राजनीति से सन्यास लेने पर विचार रहा हूं, जिसकी घोषणा अगले कुछ दिन में कर दूंगा। पोस्ट में कहा गया कि वैसे मैं परिवार सहित भाजपा में बना रहूंगा।"
विधायक के अचानक राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। गौरतलब है कि दीनानाथ भास्कर ने बहुजन समाज पार्टी से अपने राजनीतिक जीवन का सफर शुरू करते हुए पार्टी में अच्छा खासा प्रभाव रखा। इस दौरान वे मंत्री पद पर भी विराजमान रहे।
हालांकि बाद में उन्होंने बसपा से किनारा कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और सपा के विधायक बने। उसके बाद साइकिल की सवारी छोड़कर भाजपा के साथ जुड़ गए। जहां वे वर्ष 2017 और 2022 में लगातार दो बार जिले की औराई विधानसभा सीट पर विधायक हैं। वर्ष 2027 में आसन्न विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारिया शुरू कर दी हैं।
विभिन्न पार्टियों के भावी प्रत्याशियों ने भी टिकट के प्रयास को लेकर गुणा-गणित करना शुरू कर दिया है। इन परिस्थितियों में औराई विधायक का पोस्ट जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना है। हालांकि औराई विधायक इससे पहले भी इस तरह के पोस्ट को लेकर सुर्खियों में रहे हैं।
