Uttrakhand: वीकेंड पर सरोवर नगरी गुलजार, कैंची धाम में उमड़ी आस्था की भीड़

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

नैनीताल, अमृत विचार। वीकेंड के अवसर पर सरोवर नगरी नैनीताल एक बार फिर पर्यटकों से गुलजार रही। सुहावने मौसम और छुट्टियों का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल पहुंचे। पर्यटकों ने नैनी झील में नौकायन का आनंद लिया, जबकि कई पर्यटक नैनीताल चिड़ियाघर, केव गार्डन और बॉटनिकल गार्डन नैनीताल जैसे पर्यटन स्थलों पर पहुंचे।

पर्यटकों की भारी आमद के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात दबाव बना रहा और कई स्थानों पर जाम की स्थिति देखने को मिली। इसी दौरान विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अनुमान के अनुसार करीब 20 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। नैनीताल-भवाली मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। कई स्थानों पर वाहन रुक-रुक कर चलते रहे और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस को व्यवस्था संभालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

नैनीताल शहर के भीतर भी स्थिति सामान्य नहीं रही। माल रोड पर वाहनों का भारी दबाव देखने को मिला। पार्किंग स्थल फुल होने के कारण कई पर्यटकों को अपने वाहन खड़े करने में परेशानी हुई। जानकारी के अनुसार, वीकेंड पर करीब 10 हजार से अधिक पर्यटक नैनीताल पहुंचे, जिससे पर्यटन कारोबार में उछाल दर्ज किया गया। होटल, रेस्टोरेंट और अन्य पर्यटन व्यवसायों में अच्छी रौनक देखने को मिली। होटल कारोबारियों के अनुसार, वीकेंड बुकिंग बेहतर रही जिससे कारोबार संतोषजनक रहा। इसके अलावा टैक्सी चालक, फोटोग्राफर, ठेले-फड़ विक्रेता और स्थानीय दुकानदारों की आमदनी में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, बढ़ती भीड़ के चलते यातायात और पार्किंग की समस्या एक बार फिर प्रशासन के लिए चुनौती बन गई है।

कैंची धाम में 20 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे
नैनीताल में 10 हजार से अधिक पर्यटकों की आमद
भवाली-नैनीताल मार्ग पर लंबा जाम
माल रोड पर वाहनों का भारी दबाव
होटल कारोबार और स्थानीय व्यवसाय में उछाल

संबंधित समाचार