UP: नवाबी दौर के सौ साल में बनकर तैयार हुई थी कोठी खासबाग
रामपुर, अमृत विचार। 450 एकड़ रकबे में फैली कोठी खासबाग में 205 कमरे हैं और इसके निर्माण में करीब 100 साल लगे थे। कोठी में देश का पहला एयर कंडीशन सिस्टम लगा था। इसमें लिफ्ट, सिनेमा हाल और दरबार ए हाल भी बना हुआ है। कोठी खासबाग एंग्लो-इंडियन कला का अद्भुत नमूना है।
कोठी खासबाग का निर्माण वर्ष 1830 में नवाब अहमद अली खां के दौर में शुरू हुआ और नवाब हामिद अली खां के दौर में पूरा हुआ। नवाब अहमद अली खां का कार्यकाल 1794 से 1840 तक सबसे लंबा शासन काल रहा। कोठी खासबाग का निर्माण कार्य फ्रांस के इंजीनियर डब्ल्यू सी राइट की देखरेख में पूरा हुआ था। कोठी खासबाग में 205 विशालकाय कमरे हैं। इसके अलावा संगीत कक्ष, सिनेमा हाल और स्विमिंग पूल भी बना हुआ है। नवाब रजा अली खां की बहू पूर्व सांसद बेगम नूरबानो बताती हैं कि उनके पति नवाब जुल्फिकार अली खां उर्फ मिक्की मियां ने उनके बड़े भाई नवाब मुर्तजा अली खां और उनकी पत्नी बेगम आफताब जमानी बेगम द्वारा घर में सियासत करने पर कोठी खासबाग को छोड़ दिया था और नूरमहल बनवाकर उसमें सपरिवार शिफ्ट हो गए थे।
बताती हैं कि वह कोठी खासबाग में ब्याह कर आईं थीं डेडी नवाब रजा अली खां ने बताया था कि यह कोठी 100 साल में बनकर तैयार हुई थी। कोठी का निर्माण 1830 में नवाब अहमद अली खां ने शुरू कराया था। इस दौरान नवाब मोहम्मद सैद खां, नवाब मोहम्मद यूसुफ अली खां, नवाब कल्बे अली खां, नवाब मुश्ताक अली खां ने कोठी को आलीशान बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी नवाब हामिद खां के दौर में करीब 1930 तक पूरा हुआ।
वरिष्ठ इतिहासकार डॉ. जहीर सिद्दीकी ने बताया कि कोठी खासबाग के भीतर आलीशान 205 कमरे हैं जिनमें कीमती पेंटिंग्स लगी हुई हैं। बाग के बीचो-बीच नवाब अहमद अली खां ने वर्ष 1830 में कोठी खासबाग का निर्माण कार्य शुरू कराया था। नवाब हामिद अली खां के दौर में आए फ्रांस के इंजीनियर डब्ल्यूसी राइट की देखरेख में वर्ष 1930 में कोठी बनकर तैयार हुई।
