Moradabad: प्राचीन काली माता मंदिर की जमीन की पैमाइश पूरी...अब रिपोर्ट का इंतजार
मुरादाबाद, अमृत विचार। लालबाग स्थित प्राचीन काली माता मंदिर में शनिवार को राजस्व विभाग की टीम ने जमीन की पैमाइश की। राजस्व निरीक्षक ब्रह्मपाल सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम में लेखपाल देशराज, जितेंद्र और राकेश चौहान शामिल रहे। टीम ने सुबह से लेकर दोपहर तक मंदिर परिसर और उससे संबंधित भूमि की पैमाइश की। पैमाइश की रिपोर्ट सोमवार तक आने की संभावना जताई जा रही है।
राजस्व निरीक्षक ब्रह्मपाल सिंह ने बताया कि यह पैमाइश जूना अखाड़े के अभिलेखों में दर्ज भूमि के आधार पर कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि अभिलेखों में मंदिर की जितनी जमीन दर्ज है, वास्तविक स्थिति में उतनी भूमि मौजूद है या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए यह कार्रवाई की गई है। पूरी पैमाइश की रिपोर्ट तैयार कर सोमवार तक अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर दी जाएगी।
इस कार्रवाई को मंदिर की भूमि संबंधी स्थिति स्पष्ट करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद या भ्रम की स्थिति को दूर करने में मदद मिलेगी।
वहीं, मंदिर से जुड़े धार्मिक कार्यक्रम भी जारी हैं। महंत महाकाल गिरि ने बताया कि रविवार को मंदिर परिसर में साधु-महात्माओं के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जूना अखाड़ा के प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि भी मौजूद रहेंगे।
पैमाइश के दौरान महिलाओं ने किया विरोध
राजस्व विभाग की टीम जब मंदिर परिसर के बाहर पैमाइश के लिए पहुंची तो आसपास की कुछ महिलाओं ने इसका विरोध किया। दरअसल, मंदिर के बाहर स्थानीय लोगों की प्रसाद, फूल और श्रृंगार सामग्री की दुकानें लगी हुई हैं। महिलाओं को आशंका थी कि पैमाइश के चलते उनके रोजगार पर असर पड़ सकता है। टीम लौटकर दोबारा मंदिर परिसर में पैमाइश के लिए आ गई।
