बाराबंकी में आग का तांडव : 400 बीघा फसल जलकर खाक, रो पड़ा किसान
त्रिवेदीगंज/निन्दूरा, बाराबंकी, अमृत विचार। शनिवार को आग ने जिले में दो जगहों पर कहर ढा दिया। एक जगह उच्च क्षमता की लाइन से गिरे जलते कौवे ने खेतों में ऐसी आग भड़काई कि चार गांवों की करीब तीन सौ बीघा फसल आंखों के सामने राख हो गई, दूसरी जगह पर अचानक लगी आग से करीब डेढ़ सौ बीघा फसल आग की भेंट चढ़ी। कुल चार सौ बीघा फसल जलने के बाद रोते किसान माथा पकड़कर बैठ गए। दोनों ही घटनाओं में दमकल विभाग की लापरवाही सामने आई, जिससे ग्रामीणों को आग से मोर्चा लेना पड़ा।
पहली घटना लोनीकटरा थाना क्षेत्र अंतर्गत हुई। आग की शुरुआत बीरमपुर गांव के अवधेश तिवारी के खेत से हुई, 33 केवी की क्षमता वाली लाइन के तारों पर बैठा कौआ करंट खाकर जलता हुआ खेत में गिरा और पल भर में फसल ने आग पकड़ ली। आग का सहारा हवा बनी और तबाही का दृश्य सामने आ गया। इसके बाद सुनील सिंह, कल्याण मिश्र, राकेश गौतम, चंदा गौतम, भोला नाथ, अरूण कुमार आदि की फसलें आग की भेंट चढ़ती गईं। समय रहते दमकल विभाग काे सूचना दी गई पर मौके पर कोई नहीं पहुंचा।

अन्य किसानों के साथ ही राहुल तिवारी की 15 बीघे फसल में एक दाना नहीं बचा। इंतजार करने के बजाए किसानों ने आग से माेर्चा लिया और अरूण नामक किसान ने जोताई शुरु कर दी, जिससे आग और फैलने से बच गई। करीब एक घंटे बाद हैदरगढ़ व रामसनेहीघाट से दो गाड़ियां पहुंची पर उनके करने लायक कुछ बचा ही नही था। आग हवा और लापरवाही ने ग्राम बीरमपुर, सादुल्लापुर, कांधीपुर व त्रिलोकपुर के दर्जनों किसानों की 3 सौ बीघा फसल जलाकर राख कर डाली। हर पीड़ित इस दैवीय आपदा को लेकर मन मसोस कर रह गया। हादसे का जायजा लेने एसडीएम, सीओ समेत प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची।
वहीं दूसरी घटना में घुंघटेर थाना क्षेत्र की धरौरा पंचायत दांडीतुला से लेकर अखौरा तक शनिवार को भीषण आग लगने से लगभग 150 बीघे गेहूं की खड़ी फसल जलकर नष्ट हो गई। तेज हवाओं के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
थाना प्रभारी बेचू यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इधर, राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन शुरू किया। उपजिलाधिकारी कार्तिकेय सिंह ने बताया कि लेखपाल को नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। दो घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कल्लू, सोहन, रामू, नौमी लाल, भगवती प्रसाद, दिग्विजय आदि किसानों की गेहूं की फसल जल चुकी थी। किसानों को संभलने का भी मौका नहीं मिला।

बेकरी में आग से लाखों का नुकसान
रेलवे स्टेशन रोड स्थित दुलारा कॉम्प्लेक्स निवासी सुनील टंडन की छाया चौराहा पर संचालित बेकरी में शनिवार सुबह करीब सात बजे अचानक आग लग गई। बेकरी से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने तुरंत दुकान मालिक को सूचना दी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे। शटर खोलने पर दुकान के अंदर आग तेजी से फैल चुकी थी और पूरा परिसर धुएं से भर गया था। कुछ ही देर में आग की लपटें भी उठने लगीं।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में बेकरी में रखा खाद्य सामग्री, फर्नीचर, फ्रिज सहित अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान मालिक सुनील टंडन के अनुसार, बिजली मीटर के पास शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी।
