Bareilly: एसडीएम साहब... बेटे का विवाह आशीर्वाद समारोह है, 20 सिलेंडर दिला दीजिए

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। बिना बुकिंग के एलपीजी सिलेंडरों के मिलने पर सख्ती होने के बाद से शादी समारोह वाले परिवार परेशान हैं। बड़ी संख्या में लोगों ने डीएसओ दफ्तर में शादी कार्ड सहित प्रार्थनापत्र भेजकर सिलेंडर की गुहार लगाई है। शनिवार को तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में वार्ड 59 से भाजपा की जिला पंचायत सदस्य अनुपम शर्मा ने बेटे के विवाह आशीर्वाद समारोह के प्रीतिभोज के लिए 20 सिलेंडर दिलाने की मांग एसडीएम से करते हुए अर्जी लगाई।

अर्जी के साथ बेटे के विवाह आशीर्वाद समारोह का कार्ड भी लगाया। यह भी कहा कि दावत के कार्ड बांटे जा चुके हैं। सिलेंडर मिलेंगे या नहीं, इसका निर्णय डीएसओ करेंगे। डीएसओ को जांच करने के निर्देश दिए हैं। समाधान दिवस में सुबह 10 बजे से एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान राजस्व से जुड़ी 18 शिकायतें पहुंचीं। बन्नूवाल नगर फेस-2 निवासी ओमवती ने शिकायत की कि दबंगों ने उसकी भूमि पर कब्जा कर लिया है। ग्राम घुरसमसपुर के जगतपाल ने आय प्रमाणपत्र गलत तरीके से बनवाने का आराेप लगाते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

 कहा कि तीन दुकानें तीन हजार रुपये मासिक किराये, 28 हजार रुपये के वेतन की नौकरी, पांच बीघा भूमि जमीन आदि होने पर भी कम आय दिखाकर आय प्रमाण पत्र बनवाया है। हल्का लेखपाल की मिलीभगत से बनवाया है। लेखपाल के विरुद्ध भी जांच कराने की मांग की। आंवला के जगमनपुर निवासी उर्मिला ने कहा कि पति की मृत्यु 31 मई 2025 को हुई थी। उसने वारिसान जारी कराने के लिए आवेदन किया। आरोप है कि रिपोर्ट लगाने के लिए लेखपाल ने 25 हजार रुपये की मांग की। चनेहटा निवासी गोविंद पटेल ने तालाब पर कब्जा होने की शिकायत की। सुभाषनगर निवासी विजय कुमार अग्रवाल ने नगर निगम पर अभिलेखों को छिपाने व गलत सूचना देने का आरोप लगाते हुए शिकायत की।

दोपहर एक बजे कमिश्नर भूपेन्द्र एस चौधरी तहसील पहुंचे और शिकायतें सुनीं। तहसील दिवस रजिस्टर व उपस्थिति रजिस्टर चेक किया। अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित करें। जिला मुख्यालयों पर जनसुनवाई की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। शीघ्र सभी तहसील मुख्यालयों व संपूर्ण समाधान दिवसों की भी लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था लागू हो जाएगी, ऐसे में समस्त अधिकारी समय से संपूर्ण समाधान दिवसों में अपनी उपस्थिति बनाए रखें ताकि शिकायतों के निस्तारण में कोई समस्या ना आए।

 

संबंधित समाचार