बाराबंकी : बोर्ड बैठक में 17.61 करोड़ का बजट पारित, कुछ मुद्दों पर सभासदों के बीच हुई हल्की नोकझोंक
बाराबंकी, अमृत विचार। आदर्श नगर पंचायत बंकी में बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अध्यक्ष इरफाना खातून ने की। बैठक में अधिशाषी अधिकारी मोहिनी केसरवानी सहित सभी सभासद एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में नगर के समग्र विकास, साफ-सफाई व्यवस्था, नियमित कूड़ा उठान, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत व नई लाइटें लगाने, सड़कों की मरम्मत तथा जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नालों की सफाई अभियान तेज करने पर चर्चा हुई। पेयजल व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति और जल निकासी सुधार पर भी विचार किया गया।
इस दौरान वित्त वर्ष 2026-27 का बजट 17 करोड़ 61 लाख रुपये प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बजट में सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था एवं स्वच्छता जैसे बुनियादी विकास कार्यों के लिए विशेष प्रावधान किया गया है।
बैठक में कुछ मुद्दों पर सभासदों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई, लेकिन बाद में सभी विषयों पर सहमति बन गई। अध्यक्ष इरफाना खातून ने समन्वय के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की अपील की, जबकि ईओ मोहिनी केसरवानी ने तय समय में कार्य पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।
