लखनऊ में राजनाथ सिंह : विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन, कहा- भारत किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम
लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि भारत पश्चिम एशिया संकट सहित किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम है और सरकार हर संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम को लेकर औपचारिक बातचीत जरूर हो रही है, लेकिन जमीनी हालात को देखते हुए यह मान लेना उचित नहीं होगा कि पश्चिम एशिया का संकट पूरी तरह समाप्त हो गया है।
स्थानीय सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई है, जो लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने आश्वस्त किया कि देश के पास किसी भी संभावित संकट से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस सहित आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार है और आपूर्ति श्रृंखला सुचारु रूप से चल रही है।
गोमतीनगर जन कल्याण महासभा के वार्षिकोत्सव में शामिल होकर राजनाथ सिंह ने लक्ष्मण मंडपम सहित 58.27 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के रहते देश में कोई बड़ा संकट उत्पन्न नहीं होने दिया जाएगा। कोविड महामारी जैसे वैश्विक संकट का भारत ने मजबूती से सामना किया था और वर्तमान परिस्थितियों से निपटने की क्षमता भी देश में है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की स्थिति मजबूत हुई है और विश्व बैंक जैसी संस्थाएं भी मानती हैं कि भारत किसी भी संकट का सफलतापूर्वक सामना कर सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार काम कर रही है ताकि आने वाले महीनों में कोई नई समस्या उत्पन्न न हो। वैश्विक हालात का कुछ सीमित असर हो सकता है, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
राजनाथ सिंह ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सरकार पर विश्वास बनाए रखें। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के 12 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अनेक चुनौतियों और प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करने के बाद सरकार पहले से अधिक मजबूत होकर उभरी है। अपने संसदीय क्षेत्र के बारे में उन्होंने कहा कि लखनऊ का विकास सुनियोजित ढंग से हो रहा है और गरीबों, व्यापारियों, बुजुर्गों तथा युवाओं सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लखनऊ रक्षा क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। आगरा और कानपुर के साथ लखनऊ को डिफेंस नोड घोषित किया गया है। यहां ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण शुरू हो चुका है और पहली खेप सेना को सौंप दी गई है। इसके अलावा कई छोटे-बड़े रक्षा उपकरण कारखाने भी स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश माफियाओं का गढ़ कहलाता था, जबकि आज यह संतों और ऋषियों की धरती के रूप में जाना जाता है। कभी उत्तर प्रदेश को बीमार राज्य कहा जाता था, आज इसे उत्कृष्ट राज्य कहा जा रहा है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में मल्टीलेवल पार्किंग और फ्लाईओवर नेटवर्क जैसी विकास परियोजनाओं के लिए राजनाथ सिंह की सराहना की।
अत्याधुनिक लेज़र, लाइट और साउंड शो का उद्घाटन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को लखनऊ छावनी स्थित सेना की मध्य कमान के स्मृतिका युद्ध स्मारक में अत्याधुनिक लेज़र, लाइट और साउंड शो का उद्घाटन किया।करीब 30 मिनट का यह हिंदी मल्टीमीडिया शो उन्नत प्रोजेक्शन, ध्वनि और प्रकाश तकनीकों के माध्यम से भारतीय सेना के इतिहास, उसकी सैन्य उपलब्धियों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को प्रस्तुत करता है। यह शो भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता और विरासत को समर्पित है।
शो में भारत के प्रमुख युद्धों और सैन्य अभियानों, मध्य कमान की ऐतिहासिक भूमिका, अवध क्षेत्र की वीर परंपरा तथा 'आत्मनिर्भर भारत' के अनुरूप सैन्य आधुनिकीकरण को दर्शाया गया है। इसे प्रतिदिन शाम के समय आयोजित किया जाएगा और शीघ्र ही आम जनता के लिए भी खोला जाएगा। प्रस्तुति में 1947-48, 1962, 1965 और 1971 के युद्धों के साथ 'ऑपरेशन मेघदूत' और 'ऑपरेशन विजय' के प्रमुख योगदानों को रेखांकित किया गया है।
साथ ही विभिन्न अभियानों में मध्य कमान की भूमिका और अवध क्षेत्र के परमवीर चक्र विजेताओं की वीरता को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है। शो में आधुनिक युद्ध की बदलती चुनौतियों के बीच भारतीय सेना के निरंतर आधुनिकीकरण, रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी प्रगति और उत्तर प्रदेश के रक्षा गलियारे जैसी पहलों को भी शामिल किया गया है। इस आयोजन के लिए स्मृतिका युद्ध स्मारक परिसर का व्यापक उन्नयन किया गया है।
यहां अत्याधुनिक प्रोजेक्टर, स्पीकर, युद्ध ट्रॉफियों और सैन्य उपकरणों को प्रदर्शित करने वाले म्यूरल तथा एक आधुनिक एम्फीथिएटर का निर्माण कराया गया है। यह पहल सेना की मध्य कमान, उत्तर प्रदेश सरकार और उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के संयुक्त सहयोग से पूरी की गई है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ मध्य कमान लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, सेना के वरिष्ठ अधिकारी तथा राज्य सरकार के अधिकारी उपस्थित रहे।
