मुजफ्फरनगर में कल 200 कंपनियां देंगी 25 हजार से अधिक नौकरियां, रोजगार का ‘महाकुंभ’ का उद्घाटन करेंगे सीएम योगी
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में प्रदेश सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। 13 अप्रैल को मुजफ्फरनगर के नुमाइश ग्राउंड में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
इस रोजगार मेले की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी करेंगे, जबकि राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल बतौर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन उप्र. स्किल डवलपमेंट मिशन के तत्वावधान में किया जा रहा है। मेले में 200 से अधिक कंपनियां हिस्सा लेंगी, जो विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी। इस दौरान 25 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी।
रोजगार मेले में ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैन्युफैक्चरिंग, आईटी-आईटीईएस, बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी, लॉजिस्टिक्स, हेल्थकेयर और परिधान उद्योग से जुड़ी कंपनियां शामिल होंगी। प्रमुख कंपनियों में टाटा मोटर्स, पेटीएम, जेबीएम ग्रुप, जेपिटो और एल एंड टी फाइनेंस शामिल हैं। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है।
मेले के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर, लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) और जॉइनिंग लेटर भी प्रदान किए जाएंगे।
