सोनभद्र : कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में बड़ी सफलता, प्रयागराज से दो गिरफ्तार
सोनभद्र। कोडीन युक्त नशीले कफ सिरप की अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय तस्करी के मामले में सोनभद्र पुलिस की एसआईटी टीम ने प्रयागराज से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। एडिशनल एसपी अनिल कुमार ने रविवार को बताया कि थाना रॉबर्ट्सगंज में दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य ड्रग माफिया शुभम जायसवाल और भोला प्रसाद जायसवाल के करीबी संस्कार वर्मा तथा उसके पिता विनोद कुमार वर्मा को गिरफ्तार किया है। दोनों प्रयागराज के अतरसुइया थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी संगठित तरीके से दिल्ली स्थित वान्या इंटरप्राइजेज के माध्यम से कोडीन युक्त एस्कफ कफ सिरप की बड़ी खेप मंगाते थे और उसे अवैध रूप से अन्य राज्यों में डायवर्ट करते थे। तस्करी को छिपाने के लिए नशीले कफ सिरप को नमकीन और चिप्स के इनवॉइस पर कंटेनरों में छिपाकर बांग्लादेश सीमा अगरतला, त्रिपुरा की ओर भेजा जाता था।
पुलिस के अनुसार यह नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय था और नशे के उद्देश्य से सप्लाई करता था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में 18 अक्टूबर 2025 को थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र से दो कंटेनरों से कुल 1,19,675 शीशियां कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद की गई थीं। इनमें से 59,675 शीशियां बांग्लादेश बॉर्डर अगरतला, त्रिपुरा भेजे जाने का खुलासा हुआ था।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी एसआईटी ने प्रयागराज कमिश्नरेट पुलिस के सहयोग से 12 अप्रैल को दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें सोनभद्र लाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संस्कार वर्मा के खिलाफ प्रयागराज में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से भी एक मुकदमा दर्ज है।
