बदायूं : गंगा में डूबे पांच बच्चे, एक की मौत, दो सगे भाई लापता

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

रविवार शाम उसहैत क्षेत्र के गांव खजुरा नगला पुख्ता के पास गंगा में हुआ हादसा

उसहैत (बदायूं), अमृत विचार। थाना उसहैत क्षेत्र के गांव खजुरा नगला पुख्ता के पास गंगा में नहाते समय पांच बच्चे डूब गए। एक बच्चे की मौत हो गई। दो बच्चे सकुशल बाहर निकल आए जबकि दो सगे भाई लापता हो गए। शाम तक तलाश करने के बाद भी उनका पता नहीं चल सका। देर शाम तक पुलिस गंगा घाट पर जुटी रही। बच्चों के परिजनों में कोहराम मचा है। 

गांव के पास गंगा नदी है। रविवार को गांव के कुछ बच्चे गर्मी ज्यादा होने की वजह से गंगा में नहाने के लिए चले गए थे। नहाने के दौरान गांव खजुरा नगला पुख्ता निवासी जमादार के तीन बेटे सिंकू, केशव (10), गुड्डू (8) और जमादार के साढ़ू गांव ततारपुर निवासी सोरन सिंह का बेटा नन्हें और गांव निवासी संतोष का बेटा अखिलेश (10) गंगा में नहा रहे थे। गंगा में नहाते समय उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। वह गहराई में चले गए। सिंकू और नन्हें सकुशल बाहर निकाल आए। गंगा के पास मौजूद बच्चों के चीखने पर ग्रामीण पहुंचे। गंगा में बाकी बच्चों की तलाश की। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों से बच्चों की तलाश कराई गई। जिन्होंने अखिलेश का शव बरामद कर लिया जबकि दो सगे भाई केशव और गुड्डू लापता हैं। देर शाम तक लापता बच्चों का सुराग नहीं लग सका। थाना प्रभारी ने बताया कि एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई है। अन्य दो बच्चों की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार