श्रमिकों के हित में बड़ा फैसला : ओवरटाइम डबल, वेतन समय पर और शिकायत के लिए कंट्रोल रूम स्थापित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गौतमबुद्धनगर। औद्योगिक शांति बनाए रखने और श्रमिकों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिलाधिकारी ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए श्रमिक भाइयों एवं बहनों से संयम और सहयोग की अपील की है। उन्होंने बताया कि पिछले दो तीन दिनों में जनपद की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के साथ हुई बैठकों में कई अहम निर्णय लिए गए हैं, जिनका सभी इकाइयों में सख्ती से पालन कराया जाएगा।

रविवार को जिलाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई, जिसके संबंध उन्होंने बताया कि,अब सभी श्रमिकों को ओवरटाइम का भुगतान दुगनी दर से किया जाएगा और इसमें किसी भी प्रकार की कटौती नहीं होगी। साथ ही प्रत्येक श्रमिक को साप्ताहिक अवकाश अनिवार्य रूप से दिया जाएगा। यदि किसी श्रमिक से रविवार को कार्य कराया जाता है, तो उसके लिए भी दोगुना भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी श्रमिकों को नियमानुसार बोनस का भुगतान अधिकतम 30 नवंबर तक उनके बैंक खातों में किया जाएगा। इसके अलावा, प्रत्येक कारखाने में कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति का गठन अनिवार्य किया गया है, जिसकी अध्यक्ष महिला होगी। श्रमिकों की शिकायतों के निस्तारण के लिए शिकायत पेटी भी स्थापित की जाएगी और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा।

वेतन भुगतान को लेकर भी प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। प्रत्येक श्रमिक का वेतन हर माह की 10 तारीख तक एकमुश्त भुगतान किया जाएगा और सभी को वेतन पर्ची देना अनिवार्य होगा। श्रमिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम की स्थापना की है।

इसके लिए 120-2978231, 120-2978232, 120-2978862 और 120-2978702 नंबर जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर श्रमिक अपनी किसी भी समस्या, शिकायत या सूचना दर्ज करा सकते हैं। अंत में जिलाधिकारी ने सभी श्रमिकों से अपील की कि वे अपने-अपने कार्यस्थलों पर शांतिपूर्वक कार्य करें, किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और जनपद में कानून-व्यवस्था एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

संबंधित समाचार