पीटीआर:सिर चढ़कर बोला छुट्टी का खुमार, बाघ-भालू देख रोमांचित हुए सैलानी 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

पीलीभीत, अमृत विचार। पीलीभीत टाइगर रिजर्व  में रविवार की छुट्टी का खुमार सैलानियों के सिर चढ़कर बोला। जंगल सफारी के लिए पहुंचे सैलानियों का रोमांच उस समय चरम पर पहुंच गया, जब उन्हें बाघ, भालू समेत कई अन्य दुर्लभ वन्यजीवों के एक-एक कर  दीदार हुए। वहीं दो से अधिक बाघों को एक साथ देख तो सैलानी खुशी से ही झूम उठे। फिलहाल होली के बाद से टाइगर रिजर्व में सैलानियों की संख्या में खासी बढ़ोत्तरी देखी जा रही है।

पीलीभीत टाइगर रिजर्व का जंगल और महोफ रेंज स्थित इको टूरिज्म स्पॉट चूका बीच खूबसूरती की मिसाल है। पूरे पर्यटन सत्र के दौरान जनपद के अलावा दूर-दराज के राज्यों से सैलानियों की आमद रहती है। इधर रविवार को छुट्टी के चलते पीलीभीत टाइगर रिजर्व के टूरिस्ट प्वाइंटों पर पूरे दिन सैलानियों का जमावाड़ा लगा रहा। मुस्तफाबाद, महोफ समेत बराही पर्यटन गेट पर सुबह से ही सैलानियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। मुस्तफाबाद बुकिंग केंद्र पर सैलानियों की खासी भीड़ देखी गई।

सुबह और शाम दोनों शिफ्टों में टाइगर रिजर्व पहुंचे सैलानियों ने चूका बीच समेत अन्य पर्यटन स्थलों की सैर की। इस दौरान सैलानियों ने प्रकृति को करीब से देखने के साथ ही बाघ, भालू समेत कई अन्य दुल्रभ वन्यजीवों के दीदार किए। इसके साथ ही कुछ सैलानियों को  तो दो से अधिक बाघ भी एक साथ दिखे।  सेल्फी प्वाइंट समेत चूका बीच समेत अन्य खूबसूरत स्थानों पर सैलानी परिवार के साथ सेल्फी भी लेते नजर आए। रविवार को जनपद के सीतापुर, लखीमपुर, बरेली आदि से बड़ी संख्या सैलानी यहां पहुंचे। क्षेत्रीय वनाधिकारी सहेंद्र यादव ने बताया कि रविवार को 500  से अधिक सैलानी टाइगर रिजर्व पहुंचे। बीते कुछ समय से सैलानियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सैलानियों की सुविधाओं के साथ वन्यजीवों की सुरक्षा पर भी पर भी नजर रखी जा रही है।

संबंधित समाचार