कानपुर : बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को नुकसान का डीएम ने लिया जायजा, सर्वे के बाद मिलेगा मुआवजा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर, अमृत विचार। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से रबी फसलों को हुए नुकसान को लेकर जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने तुरंत संज्ञान लिया। शनिवार को हुई तेज बारिश व ओलों ने किसानों की खड़ी फसलों को भारी क्षति पहुंचाई है। इसकी वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए डीएम ने सोमवार को तहसील सदर के सचेंडी और सोना गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। 

डीएम जितेन्द्र प्रताप सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक खेत का अलग-अलग गाटा-वार सर्वे किया जाए। खानापूर्ति करके लापरवाही से रिपोर्ट बनाने या सर्वे करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर किसान को उनके फसल नुकसान के अनुसार उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। 

निरीक्षण के दौरान डीएम ने दोनों गांवों के किसानों से भी बातचीत की। किसानों ने बताया कि तेज हवा और बारिश के कारण उनकी खड़ी फसलें बिछ गई हैं, जिससे पैदावार में भारी कमी आने की आशंका है। डीएम ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों के हित से जुड़ी इस पूरी प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

एसडीएम को मिली जिम्मेदारी

डीएम ने एसडीएम और राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लेखपाल अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में गाटा-वार सर्वे करें। सर्वे में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एसडीएम को रिपोर्ट की रोजाना मॉनिटरिंग करने का जिम्मा सौंपा गया है। सर्वे रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी, ताकि प्रभावित किसानों के खातों में राहत राशि शीघ्र पहुंचाई जा सके। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी किसान मुआवजे से वंचित न रहे।

संबंधित समाचार