UP News : राज्य विश्वविद्यालयों के 14 कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रकों के ट्रांसफर, रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली के कुलसचिव-परीक्षा नियंत्रक भी बदले
अमृत विचार : उत्तर प्रदेश के सरकारी विभागों में आजकल ताबड़तोड़, तबादलों का दौर जारी है। शासन-प्रशासन से लेकर शिक्षा विभाग तक धड़ाधड़ ट्रांसफर हो रहे हैं। इसी क्रम में राज्य विश्वविद्यालयों में तैनात कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक के कार्यक्षेत्र में बड़ा फेरबदल हुआ है। उच्च शिक्षा विभाग ने 14 विश्वविद्यालयों के कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक और उप-कुलसचिव के तबादले किए हैं।
उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव शकील अहमद सिद्दीकी की ओर से जारी ट्रांसफर आदेश के मुताबिक, मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मिर्जापुर के परीक्षा नियंत्रक महेंद्र कुमार को महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली का कुलसचिव बनाया गया है। जबकि रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलसचिव रहे हरीश चंद्र को मिर्जापुर में परीक्षा नियंत्रक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय मुरादाबाद के परीक्षा नियंत्रक अमृत लाल को महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ का कुलसचिव नियुक्त किया गया है। उनकी जगह रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली के परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार सिंह को मुरादाबाद में तैनात किया गया है। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के कुलसचिव केशलाल को काशी नरेश विश्वविद्यालय भदोही का परीक्षा नियंत्रक बनाया गया है। इसके अलावा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ के कुलसचिव अनिल कुमार यादव को रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली का परीक्षा नियंत्रक बनाया गया है।
उप-कुलसचिवों को भी मिली नई जिम्मेदारी
उप-कुलसचिव स्तर पर छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के प्रमोद कुमार मिश्रा को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा भेजा गया है। वहीं आगरा विश्वविद्यालय के कैलाश बिंद को कानपुर विश्वविद्यालय में तैनाती दी गई है। मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय मिर्जापुर में तैनात सुनील कुमार सरोज, जोकि वर्तमान में पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर से संबद्ध थे, उन्हें गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद भेजा गया है।
सहायक कुलसचिवों के भी तबादले
सहायक कुलसचिव स्तर पर मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मिर्जापुर के सत्येंद्र अग्रवाल को डॉ. आरएमएल अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या भेजा गया है। डॉ. बीआर विश्वविद्यालय, आगरा के डॉ. संदीप सिंह को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी में नई जिम्मेदारी दी गई है। डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय के नित्यानंद को महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ भेजा गया है। मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय मिर्जापुर के प्रेमचंद को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ और प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय प्रयागराज के बजरंग बली को डॉ. आरएमएल अवध विश्वविद्यालय अयोध्या में तैनात किया गया है।
विश्वविद्यालयों में एक साथ बड़ा फेरबदल
राज्य विश्वविद्यालयों में एक अरसे बाद बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। संजीव कुमार सिंह, रुहेलखंड विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक पद पर लंबे समय से तैनात थे। वह दूसरी बार यहां इस पद पर जिम्मेदारी निभा रहे थे। अभी उन्हें मुरादाबाद भेजा गया है।
