पीलीभीत व्यापारी हत्याकांड: दूसरी बार बदमाशों से मुठभेड़, दो आरोपियों को लगी पैर में गोली, अब तक छह गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

पीलीभीत, अमृत विचार। बिलसंडा कस्बे में कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने दूसरी मुठभेड़ में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गया।

पुलिस सिपाही भी घायल
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात केंचुआ पुलिया से पहाड़गंज रोड पर वाहन चेकिंग चल रही थी।  इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एक गोली हेड कांस्टेबल जियाउलहक के बाएं हाथ को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहजहांपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र के चमकनी करबला निवासी शिव पुत्र मिश्रीलाल और अंटा करबला निवासी कुनाल पुत्र कमल के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अब तक कुल छह गिरफ्तार
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी व्यापारी हत्याकांड में शामिल थे। इस कार्रवाई के साथ अब तक मामले में तीन साजिशकर्ताओं समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से तीन आरोपी अलग-अलग मुठभेड़ों में पकड़े गए हैं और तीनों के पैर में गोली लगी है। उधर, मामले में पुलिस की शुरुआती लापरवाही को लेकर कार्रवाई भी की गई है। एक दरोगा और दो सिपाहियों को निलंबित किया जा चुका है। वहीं, अब तक हुई मुठभेड़ों में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

संबंधित समाचार