Bakra Eid Namaz : UP में अकीदत के साथ बकरीद की नमाज संपन्न, देश की तरक्की की दुआ के लिये उठे नमाजियों के हाथ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर की सड़कों पर खुशी का माहौल छाया हुआ है और बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों व ईदगाहों में नमाज अदा करने पहुंच रहे हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने पूरे शहर में चाक-चौबंद व्यवस्था की है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) बबलू कुमार के नेतृत्व में शहर को 4 जोन और 5 सेक्टरों में बांटा गया है। सुरक्षा ड्यूटी पर 24 वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, 1347 जवान और 6 कंपनी PAC तैनात किए गए हैं।

शहर के प्रमुख स्थानों- ऐशबाग ईदगाह, टीले वाली मस्जिद और बड़ा इमामबाड़ा समेत पूरे लखनऊ में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रखी जा रही है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पिंक पेट्रोल, एंटी रोमियो स्क्वॉड और यूपी-112 की गाड़ियां लगातार गश्त कर रही हैं। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी भी तैनात हैं। कंट्रोल रूम से रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है।


लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह में अदा हुई बकरीद की नमाज
कन्नौज में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
संभल में नमाजियों पर पुष्प वर्षा
संभल जिले में सपा नेता ने ईदगाह में नमाज अदा करने पहुंचे नमाजियों पर फूल बरसाए। फूलों की महक के साथ उन्होंने संभल और पूरे भारत में खुशहाली की दुआ की। शासन की गाइडलाइंस का पालन करते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में नमाज अदा की गई। मौलाना जहीरुल इस्लाम ने नमाज पढ़ाई। डीएम और एसपी मौके पर मौजूद रहे। जिले की 828 मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज हुई। प्रशासन के इंतजामों की लोगों ने सराहना की।
एटा, मथुरा, बागपत और आगरा में शांतिपूर्ण नमाज
एटा जिले में 137 मस्जिदों और 39 ईदगाहों में नमाज अदा की गई। डीएम अरविंद सिंह और एसएसपी डॉ. इलामारन ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
धर्म नगरी मथुरा में शाही ईदगाह मस्जिद पर हर्षोल्लास के साथ नमाज हुई। कड़ी सुरक्षा के बीच गणमान्य व्यक्ति और राजनीतिक नेताओं ने मुस्लिम भाइयों को बधाई दी। गंगा-जमुनी तहजीब का नजारा देखने को मिला। सड़कों पर नमाज न हो, इसके लिए भारी फोर्स तैनात रही।
बागपत में भी सभी मस्जिदों और ईदगाहों पर शांतिपूर्ण नमाज हुई। डीएम और एसपी ईदगाह पर मौजूद रहे। आगरा में पुलिस की सख्त सुरक्षा में नमाज अदा की गई। ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी गई और शहर को 6 जोनों में बांटकर व्यवस्था की गई।
अयोध्या में सिविल लाइन ईदगाह में पड़ी गई नमाज
रामनगरी अयोध्या में सिविल लाइन ईदगाह समेत करीब 111 ईदगाहों और 211 मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाज अदा की गई। कुछ स्थानों पर ईदगाह क्षमता से अधिक भीड़ होने के कारण सड़कों पर भी नमाज पढ़ी गई। जिला प्रशासन ने ड्रोन, सीसीटीवी और भारी सुरक्षा बलों के साथ व्यापक तैयारी की थी। जनप्रतिनिधियों ने मुस्लिम भाइयों को बधाई दी।मेरठ जोन में पूरी तरह शांतिपूर्ण
मेरठ जोन में नमाज सकुशल संपन्न हुई। एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि कहीं भी सड़क पर नमाज नहीं पढ़ी गई।
मौलाना शहाबुद्दीन की अपील
बरेली के प्रमुख मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी ने मुसलमानों से अपील की कि कोई नई परंपरा न अपनाई जाए। उन्होंने कहा: सड़क पर नमाज बिल्कुल न पढ़ें।
मस्जिद में भीड़ ज्यादा हो तो एक से अधिक जमात लगाएं।
- प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न करें।
- कुर्बानी के बाद अवशेष ठीक से नष्ट करें, इधर-उधर न फेंकें।
- कुर्बानी का वीडियो या फोटो सोशल मीडिया पर न डालें।
समूचे उत्तर प्रदेश में बकरीद के मौके पर प्रशासन की सतर्कता और धार्मिक नेताओं की अपील से शांतिपूर्ण वातावरण बना रहा।
ईद-उल-जुहा (बकरीद) के मद्देनजर योगी सरकार ने प्रदेशभर में अवैध पशुवध और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से जारी शासनादेश में सभी जिलाधिकारियों, पुलिस आयुक्तों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
विशेष सचिव नीरजा सक्सेना द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि बकरीद के दौरान प्रदेश के सभी जनपदों में स्थित पशुवधशालाओं यानी स्लॉटर हाउस का विशेष निरीक्षण कराया जाए। इसके लिए जिलास्तर पर टीमें गठित कर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में अवैध पशुवध नहीं होना चाहिए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ संबंधित अधिनियमों और नियमों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

शासनादेश में यह भी निर्देश दिया गया है कि वैध स्लॉटर हाउसों में निर्धारित पशुवध क्षमता का कड़ाई से पालन कराया जाए। क्षमता से अधिक पशुवध या बिना अनुमति संचालन की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है। सरकार ने नगर विकास विभाग के वर्ष 2017 में जारी शासनादेश का हवाला देते हुए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समितियों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, जिलों में जल्द ही संयुक्त टीमों द्वारा निरीक्षण अभियान शुरू किया जाएगा। प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है। शासन ने आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है।
जौनपुर : शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई बकरीद की नमाज
जौनपुर जिले के मछलीशहर पड़ाव स्थित शाही ईदगाह में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) की नमाज अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। शाही ईदगाह के इमाम एवं खतीब हज़रत मौलाना अब्दुज़ ज़ाहिर सिद्दीकी हन्फी ने हजारों नमाजियों को नमाज अदा कराई। खुतबे के दौरान मौलाना अब्दुज़ ज़ाहिर सिद्दीकी ने हज़रत इब्राहिम अलैहिस्सलाम की सुन्नत और कुर्बानी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कुर्बानी की परंपरा अल्लाह के नबी हज़रत इब्राहिम की आज़माइश से जुड़ी है।
उन्होंने बताया कि अल्लाह ने उनके सबसे प्रिय पुत्र हज़रत इस्माइल अलैहिस्सलाम की कुर्बानी मांगी थी, जिसे स्वीकार करने की तैयारी के बाद अल्लाह ने उनकी निष्ठा को कबूल कर लिया और बेटे की जगह एक दुम्बे की कुर्बानी कराई। उसी याद में सदियों से बकरीद मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि ईद और ईद-उल-अजहा की नमाज ईदगाह में खुले मैदान में अदा करना सुन्नत है और इससे मुस्लिम समाज की एकजुटता तथा शानो-शौकत का प्रदर्शन होता है।
इमाम ने कहा कि कुर्बानी केवल एक धार्मिक रस्म नहीं, बल्कि अल्लाह की राह में अपनी प्रिय चीज कुर्बान करने का जज्बा है। उन्होंने लोगों से हलाल कमाई से खरीदे गए स्वस्थ और बिना किसी शारीरिक दोष वाले जानवरों की ही कुर्बानी करने की अपील की। उन्होंने बताया कि कुर्बानी के गोश्त के तीन हिस्से किए जाने चाहिए-एक हिस्सा गरीबों और जरूरतमंदों के लिए, दूसरा रिश्तेदारों और पड़ोसियों के लिए तथा तीसरा अपने परिवार के लिए।
मौलाना ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों और रास्तों पर कुर्बानी करने से बचें। साथ ही कुर्बानी के बाद अवशेषों को खुले में न फेंककर गड्ढा खोदकर दबाने या नगर पालिका के कचरा वाहनों को सौंपने की सलाह दी। उन्होंने प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी न करने और कुर्बानी से जुड़े फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करने की भी अपील की, ताकि किसी की भावनाएं आहत न हों।
कौशांबी : मुल्क की तरक्की, अमन के लिये हजारों ने मांगी दुआ
कौशांबी : कौशांबी जिले में बकरीद का पर्व गुरुवार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर जिले की 84 ईदगाहों और 255 मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा कर मुल्क की तरक्की, अमन और खुशहाली के लिए दुआ मांगी। जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पूरे जिले को चार जोन और 39 सेक्टर में विभाजित किया था। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई थी।
जिला मुख्यालय मंझनपुर स्थित जामा मस्जिद और कड़ा स्थित ईदगाह सहित सभी निर्धारित स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। इस दौरान एडीजी जोन प्रयागराज ज्योति नारायण ने कड़ा स्थित ईदगाह पहुंचकर सुरक्षा और शांति व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और लोगों को बकरीद की मुबारकबाद भी दी।
फर्रुखाबाद : देश की तरक्की और शांति की दुआ के लिये उठे हजारों हाथ
फर्रुखाबाद : फर्रुखाबाद जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ईद-उल-अजहा (बकरीद) की नमाज गुरुवार को शांतिपूर्ण वातावरण में अदा की गई। जिले की 58 ईदगाहों और 172 मस्जिदों में हजारों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा कर देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
फर्रुखाबाद शहर के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र स्थित नई ईदगाह में सुबह 7:30 बजे मुफ्ती हाजी सैय्यद मोहज्जम अली ने नमाज अदा कराई। वहीं पास स्थित पुरानी ईदगाह में सुबह 8:00 बजे मौलाना शमशाद चतुर्वेदी ने नमाज की इमामत की। दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में नमाजी मौजूद रहे। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी।
जिले के ग्रामीण और शहरी इलाकों की सभी ईदगाहों और मस्जिदों में सुबह 7:30 बजे से 9:00 बजे के बीच नमाज अदा की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
जिलाधिकारी के निर्देशन में सभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे, जिसके चलते बकरीद का त्योहार जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
सहारनपुर में अकीदत के साथ बकरीद की नमाज संपन्न
सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में बकरीद (ईद-उल-अजहा) के अवसर पर विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में अकीदत के साथ नमाज अदा की गई। शहर की मुख्य ईदगाह सहित सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि शहर की मुख्य ईदगाह पर शांतिपूर्ण ढंग से नमाज सम्पन्न हुई। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं। पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की गई। उन्होंने बताया कि त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखा गया और शहर में ट्रैफिक सामान्य रूप से संचालित होता रहा।
एसएसपी ने कहा कि सभी संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पीएसी और आरएएफ की कंपनियों की भी तैनाती की गई। ईद-उल-अजहा के अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक रेंज अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपद के विभिन्न नमाज स्थलों का दौरा कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को ड्यूटी, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, सतर्क निगरानी तथा संवेदनशील बिंदुओं पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे।
प्रयागराज : उत्साह के साथ संगम नगरी में मनायी गयी बकरीद
प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार गुरुवार को अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर की ईदगाह समेत सभी छोटी-बड़ी मस्जिदों में तय समय पर सुबह छह बजे से नमाज शुरू हुई और नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सड़कों पर नमाज की मनाही के चलते चौक जामा मस्जिद समेत कई मस्जिदों में दो शिफ्टों में नमाज अदा कराई गई, ताकि अधिक से अधिक लोग जमात के साथ नमाज पढ़ सकें। नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कुर्बानी का सिलसिला शुरू किया।
शहर में हजारों बकरों की कुर्बानी दी गई। बकरीद के मद्देनजर प्रयागराज में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस और आरएएफ ने विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च किया। मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है, जबकि पुलिस अधिकारी लगातार पैदल गश्त कर रहे थे। शहर काजी मुफ्ती शफीक अहमद शरीफी, मस्जिद कमेटियों और पेश इमामों ने लोगों से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर कुर्बानी न करें।
मुस्लिम धर्मगुरुओं ने यह भी कहा कि कुर्बानी से जुड़े वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर साझा न किए जाएं तथा ऐसी कोई पोस्ट न की जाए जिससे किसी की भावनाएं आहत हों। जामा मस्जिद में पहली नमाज सुबह सात बजे अदा की गई, जिसकी इमामत मौलाना सैय्यद रईस अख्तर हबीबी ने की।
दूसरी जमात सुबह साढ़े आठ बजे हुई, जिसकी पेश इमामत मौलाना सैय्यद असगर अली इस्माइली ने की। प्रयागराज ईदगाह में बकरीद की मुख्य नमाज सुबह नौ बजे अदा की गई। नमाज के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग ईदगाह पहुंचे थे। ईदगाह और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। ड्रोन निगरानी के साथ आसपास की छतों पर भी सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था।
भदोही : भाईचारे की भावना के साथ बकरीद की नमाज संपन्न
भदोही : उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के गोपीगंज नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ईद-उल-अजहा (बकरीद) की नमाज गुरुवार को अकीदत, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ अदा की गई। सुबह नए परिधानों में सजे लोग ईदगाहों और मस्जिदों में पहुंचे तथा एक साथ सफ में खड़े होकर नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और अल्लाह की राह में कुर्बानी पेश की।
त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। वहीं नगर पालिका परिषद की ओर से सफाई और पेयजल की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। गोपीगंज नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गिराई स्थित ईदगाह में पेश इमाम हाफिज अनीशुल कादरी, फूलबाग में हाफिज गुलाम मुर्तुजा, शाही मस्जिद सराय महाल में हाफिज मोहम्मद अवैश तथा मुजाहिद मस्जिद नई बस्ती में पेश इमाम मोहम्मद वैश ने नमाज अदा कराई।
ग्रामीण क्षेत्रों की जामा मस्जिद चकसहाब में मौलाना अबरार और मौलाना हफीज, बर्जी खुर्द में मौलाना दिलावर हुसैन, खानापुर गांधी में मौलाना फतेह मोहम्मद तथा अमवा में अब्दुल हादी मिस्बाही की इमामत में नमाज अदा की गई। इसके अलावा भगवतपुर, गहरपुर, गिराई, अमवा और लालानगर में भी नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर खुशियां साझा कीं और कुर्बानी की रस्म अदा की। सुरक्षा व्यवस्था के तहत उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर भान सिंह, उप जिलाधिकारी न्यायिक शिव प्रकाश यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रभात राय, तहसीलदार सुनील कुमार, प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय और चौकी प्रभारी शशांक बाजपेयी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
इसी प्रकार भदोही नगर में भी ईद-उल-अजहा की नमाज अकीदत और एहतराम के साथ संपन्न हुई। सुबह 6:15 बजे पहली नमाज अदा की गई, जबकि अंतिम जमात सुबह 7:45 बजे तक हुई। जामा मस्जिद के इमाम हाफिज परवेज उर्फ अच्छे मियां ने पहली जमात की इमामत कराई। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने देश में अमन, शांति और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की।
