Bakra Eid 2026 : बरेली में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईद-उल-अजहा की नमाज संपन्न, शांतिपूर्ण माहौल में कुर्बानी शुरू

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बरेली। सुबह से ही शहर में बकरीद ईद का जश्न छाया रहा। गुरुवार को बरेली के शहर से लेकर देहात तक छोटी-बड़ी मस्जिदों, दरगाहों और खानकाहों में ईद-उल-अज़्हा की नमाज अदा की गई। लेकिन सबसे भव्य और बड़ी नमाज़ बाकरगंज स्थित ऐतिहासिक ईदगाह में देखने को मिली।

क़ाज़ी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती मुहम्मद असजद रज़ा कादरी ने सुबह ठीक 10 बजे ईद की नमाज़ कराई। सुबह से ही नमाजी ईदगाह की ओर रवाना होने लगे थे। जल्द ही पूरी ईदगाह नमाजियों से भर गई। हजारों की तादाद में लोग सफ़ों में बैठे नजर आए। मुफ्ती असजद मियां अपने आवास दरगाह आला हज़रत से खानदान और उलमा-ए-इकराम के संग ईदगाह पहुंचे।

cats

उस वक्त ईदगाह मजहबी नारों और तकबीरों से गूंज उठी।नमाज़ के बाद मुफ्ती साहब ने ईद का खुत्बा दिया। खुत्बे में उन्होंने मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की के लिए खास दुआ की। नमाज़ के बाद मुफ्ती असजद मियां ने आम-खास लोगों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इसके बाद वे अपने परिवार के साथ दरगाह आला हज़रत और दरगाह ताजुश्शरिया पहुंचकर हाजिरी दी।ईदगाह पर मौलाना शम्स ने नमाज़ की नियत बताई और पूरे कार्यक्रम का सुचारु संचालन किया।

जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान मिया ने नमाजियों से गले मिलते हुए ईद की बधाई दी। उन्होंने कहा, “कुर्बानी का असली मकसद अपनी ख्वाहिशों को अल्लाह की रज़ा पर कुर्बान करना है। हमें गरीबों और यतीमों का खास ख्याल रखना चाहिए, मुल्क में भाईचारे को और मजबूत बनाना चाहिए। कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखें और सोशल मीडिया पर कुर्बानी के फोटो-वीडियो शेयर न करें।” जमात रज़ा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां ने ईदगाह कमेटी की व्यवस्था की तारीफ की और शुक्रिया अदा किया। इस मौके पर जमात रज़ा की कोर कमेटी ने सभी को ईद की मुबारकबाद दी।

cats

मौजूद प्रमुख हस्तियां:

डॉ. मेहदी हसन, शमीम अहमद, मोईन खान, समरान खान, मोईन अख्तर, अब्दुल्लाह रज़ा खान, मुहम्मद रज़ा, तस्लीम रज़ा आदि। नमाज़ के तुरंत बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हो गया, जो 28 मई से 30 मई तक चलेगा। आखिरी नमाज़ दरगाह आला हज़रत पर सुबह 10:30 बजे अदा की गई। पूरे शहर में ईद का उत्साह और खुशी का माहौल देखा गया।
cats

चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था

ईद के मौके पर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता से पूरे इलाके में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा। सभी प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में निरंतर गश्त कर सुरक्षा का जायजा लिया।

नमाज पढ़ाने वाले प्रमुख इमाम  
  1. कदीमी ईदगाह (पुराना रोडवेज): मुफ्ती निसार मियां 
  2. आलाहजरत ईदगाह (नूरी नगर): नूरी मियां  
  3. पुरानी मस्जिद: सय्यद इफ्तिखार मियां  
  4. बाजार वाली मस्जिद: कारी अतीक रजा  
  5. मोती मस्जिद: हाफिज अनवार कादरी  
  6. मियां वाली मस्जिद: हाफिज अनवार अहमद

इनके अलावा ताज मस्जिद, सकलैनी मस्जिद, उमर मस्जिद, अब्दुल्ला चौधरी मस्जिद, मदारे आजम मस्जिद, अजहरी मस्जिद, मदीना मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान एसडीएम इशिता किशोर, क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार, तहसीलदार भानू प्रताप सिंह, नगर पालिका ईओ शशि प्रभा, इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा समेत कई अधिकारी और पुलिस टीम लगातार गश्त पर रहे।

इंटेलीजेंस और दमकल विभाग की टीमें भी अलर्ट मोड पर तैनात रहीं। नमाज शांतिपूर्ण रूप से संपन्न होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। कहीं से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना की।


संबंधित समाचार