UP News: वाहन चेकिंग के दौरान डरकर भागे, बाइक सवार भाईयों को पिकअप ने रौंदा, एक की मौत
मिलक, अमृत विचार। ट्रैफिक पुलिस की वाहन चेकिंग से बचकर भाग रहे बाइक सवार दो सगे भाइयों को क्योंरार जीरो पॉइंट के पास बरेली की ओर से आ रही पिकअप ने रौंद दिया। हादसे में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पिकअप चालक भी घायल हुआ है। घटना के बाद परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर जमकर हंगामा किया।
ट्रैफिक पुलिस से बचकर भागे
नगर के मंडी समिति के सामने रहने वाले सर्वेश पुत्र ओंमकार (24) अपने छोटे भाई अरविंद (22)के साथ बाइक से मिलक से सामान लेने आ रहे थे। सर्वेश की बरेली जिले में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। क्योंरार जीरो पॉइंट के आगे हेरिटेज स्कूल के पास ट्रैफिक पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। चेकिंग से बचने के लिए दोनों भाई बाइक मोड़कर भागे, तभी बरेली की दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने जीरो पॉइंट के पास उन्हें रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सर्वेश की मौके पर ही मौत हो गई।
पिकअप चालक भी घायल
भाई अरविंद और पिकअप चालक तस्लीम पुत्र शमसुद्दीन निवासी तिलहर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिलक पहुंचाया। वहां से अरविंद और पिकअप चालक को जिला अस्पताल रामपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने सर्वेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलते ही परिजन कोतवाली पहुंचे और जमकर हंगामा किया।
परिजनों ने किया हंगामा
परिजनों का आरोप था कि पुलिस ने बिना सूचना और बिना पंचनामा भरे ही शव को रामपुर क्यों भेज दिया। परिजन वाहन चेकिंग कर रही ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। कोतवाली में घंटों हंगामा चलता रहा। बाद में पुलिस ने परिजनों से तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी मनीराम सिंह का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है। पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी
