गाजियाबाद पैरा एथलीट हत्याकांड: साथी खिलाड़ी ने ही उतारा मौत के घाट, कागजों की शिकायत बनी मौत की वजह
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पैरा ओलंपिक के उभरते सितारे चिराग त्यागी की निर्मम हत्या का चौंकाने वाला खुलासा पुलिस ने कर दिया है। हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि चिराग का ही साथी पैरा एथलीट यश निकला। यश ने कथित तौर पर चिराग के खिलाफ दस्तावेजों की शिकायत का बदला लेते हुए उसे गोली मार दी।
पुलिस ने आरोपी यश (17 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर ली है। यश भी चिराग की तरह ब्लाइंड कैटेगरी का खिलाड़ी है और दोनों एक ही इलाके के रहने वाले थे।
एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई कर चुका था चिराग
शनिवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के साईं उपवन में चिराग त्यागी का शव दो गोली के घावों के साथ मिला था। चिराग हाल ही में बेंगलुरु में हुई नेशनल प्रतियोगिता में 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीत चुका था और अक्टूबर में जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई भी कर लिया था। वह इन दिनों दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कड़ी मेहनत कर रहा था।
माता-पिता की इकलौती संतान, सपनों पर लगा दिया था सब कुछ
चिराग मुरादनगर का रहने वाला था और अपने माता-पिता मनोज त्यागी व उनकी पत्नी की इकलौती संतान था। परिवार ने बेटे के करियर के लिए अपनी सारी पूंजी लगा दी थी। चिराग के पिता ने बताया कि उन्हें किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि यश ने चिराग के खिलाफ अपने दस्तावेजों को लेकर की गई शिकायत का बदला लेने के लिए यह वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया है। फिलहाल यश से और उसके परिजनों से पूछताछ जारी है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, क्योंकि चिराग पैरा स्पोर्ट्स में देश का भविष्य माना जा रहा था। परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए दोषी पर सख्त से सख्त कार्रवाई की अपील की है।
