Bareilly News: 1280 अग्निवीर बने देश के प्रहरी, जाट रेजिमेंटल सेंटर में गूंजी वीरता की कदमताल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। जाट रेजिमेंटल सेंटर में रविवार सुबह अग्निवीर बैच 07/25 की भव्य पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। यह परेड 1280 अग्निवीरों के कठोर और सफल सैन्य प्रशिक्षण के समापन का प्रतीक बनी। परेड के दौरान युवा रंगरूटों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और सैन्य कौशल का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।

महीनों की मेहनत से बने अग्निवीर
कई महीनों के कठिन प्रशिक्षण के बाद अग्निवीरों ने कदमताल, ड्रिल और सैन्य अनुशासन की उत्कृष्ट मिसाल पेश की। परेड में उनकी एकरूपता, सटीकता और जोश ने उपस्थित अधिकारियों, अभिभावकों और अतिथियों को प्रभावित किया। समारोह के दौरान यह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया कि युवा भर्ती अब प्रशिक्षित और युद्धक सैनिकों के रूप में तैयार हो चुके हैं।

अभिभावकों में दिखा उत्साह
इस अवसर पर करीब 3185 अभिभावक और अतिथि भी मौजूद रहे। उन्होंने अपने बेटों और परिजनों को भारतीय सेना का हिस्सा बनते हुए गर्व और उत्साह के साथ देखा। परेड स्थल पर भावनात्मक और गौरवपूर्ण माहौल देखने को मिला। कई अभिभावकों ने इसे अपने जीवन का यादगार क्षण बताया।

राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण भाव
समारोह के दौरान पूरा जाट रेजिमेंटल सेंटर देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओत-प्रोत नजर आया। सैन्य परंपराओं के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम ने युवाओं में राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण और कर्तव्य भावना को भी प्रदर्शित किया।

अग्निवीर देशसेवा को तैयार
परेड का समापन नवप्रशिक्षित अग्निवीरों द्वारा राष्ट्र की रक्षा और सेवा के लिए सम्मान, साहस तथा समर्पण के संकल्प के साथ हुआ। इसके साथ ही 1280 अग्निवीर भारतीय सेना में अपनी नई जिम्मेदारियों के लिए तैयार हो गए।

संबंधित समाचार