Ajay Rai: पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी मामले में अजय राय की मुश्किलें बढ़ीं, वाराणसी में दो नए केस दर्ज
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की परेशानियां बढ़ गई हैं। वाराणसी के चौक थाने में उनके खिलाफ दो नए मुकदमें दर्ज किए गए हैं। महिला व्यापार मंडल नेता सुनीता सोनी और आर्यन पंड्या की शिकायत पर यह केस दर्ज किए गए हैं।
इससे पहले महोबा जिले में भी अजय राय के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज हो चुका है।भाजपा कार्यकर्ताओं ने अजय राय के बयान का कड़ा विरोध किया और प्रदर्शन भी किए। अजय राय ने वायरल वीडियो को पूरी तरह खारिज करते हुए उसे AI जनरेटेड बताया है और कहा है कि यह उनका बयान नहीं है।
सोशल मीडिया पर विवाद
इस मामले में कांग्रेस पार्टी भी सोशल मीडिया पर घिर गई है। यूजर्स ने पार्टी की नैतिकता और राजनीतिक शिष्टाचार पर सवाल उठाए हैं।
तबीयत बिगड़ने पर पीएम मोदी ने ली थी हालचाल
हाल ही में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान अजय राय की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और वे बेहोश होकर गिर पड़े थे। उन्हें लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस खबर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उसी रात सोशल मीडिया पर अजय राय के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी।
भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर लिखा, “जब अजय राय अस्वस्थ थे तब प्रधानमंत्री ने उनके स्वास्थ्य की चिंता जताई और स्वस्थ होने की कामना की। आज वही अजय राय पीएम के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते नजर आए। यही कांग्रेस की राजनीति का स्तर है।”
