World Heritage Week 2026: अब आम लोग बनेंगे अपनी विरासत के कहानीकार, ‘हेरिटेज थ्रू माई लेंस’ और ‘पर्सनल ट्रेजर’ अभियान लॉन्च

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊः उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने विश्व धरोहर सप्ताह के अवसर पर आम लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के लिए दो खास अभियान शुरू किए हैं। इन अभियानों का उद्देश्य है कि लोग अपनी आसपास की धरोहर को पहचानें, उसे साझा करें और उससे भावनात्मक जुड़ाव मजबूत करें।

विभाग द्वारा शुरू किए गए अभियान, ‘यूपी हेरिटेज थ्रू माई लेंस’ और ‘शेयर योर पर्सनल ट्रेजर’ के जरिए अब आम नागरिक अपनी नजर से अपनी विरासत को दुनिया के सामने रख सकेंगे।

‘हेरिटेज थ्रू माई लेंस’ अभियान के तहत लोग अपने मोबाइल से किसी भी पुराने, अल्पज्ञात ऐतिहासिक स्थल, मंदिर, किले, मेले या तीर्थस्थल की फोटो या छोटा वीडियो बनाकर भेज सकते हैं। इसका उद्देश्य ऐसी जगहों को सामने लाना है, जो अब तक लोगों की नजर से दूर रही हैं। इसके अलावा ‘पर्सनल ट्रेजर’ अभियान में लोग अपने घरों में सुरक्षित रखी गई पुश्तैनी वस्तुएं जैसे, पुराने सिक्के, चिट्ठियां, पारंपरिक आभूषण, बर्तन, गुल्लक या पुराने ताले आदि साझा कर सकते हैं। ये वस्तुएं परिवार की यादों और इतिहास को दर्शाती हैं। अपर मुख्य सचिव अमित अभिजात ने बताया कि इस तरह की पहलें पर्यटन को नए दौर में ले जा रही हैं, जहां लोग सिर्फ दर्शक नहीं बल्कि सक्रिय भागीदार बनते हैं। इससे छिपी हुई स्थानीय धरोहरों को पहचान मिलेगी और भविष्य में उन्हें पर्यटन मानचित्र पर जगह मिल सकती है।

विजेताओं को मिलेगा सम्मान

इन अभियानों की खास बात यह है कि चुनी गई बेहतरीन प्रविष्टियों को पुरस्कार दिए जाएंगे। वहीं ‘पर्सनल ट्रेजर’ की कुछ चुनिंदा वस्तुओं को राज्य संग्रहालय में प्रदर्शित भी किया जाएगा। इसमें प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रोफेशनल कैमरे की जरूरत नहीं है बल्कि मोबाइल से फोटो या वीडियो बनाकर भेज सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 18 अप्रैल 2026, रजिस्ट्रेशन उत्तर प्रदेश पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकता है

ये पहल आम लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। खासतौर पर युवाओं से अपील है कि वे बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपनी संस्कृति व परंपराओं पर गर्व करें।

जयवीर सिंह , पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री

 

संबंधित समाचार