जॉब का पहला दिन: कार्यक्षेत्र का माहौल देखकर हुआ जिम्मेदारी का एहसास

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मेरे जीवन का वह दिन आज भी ताजगी के साथ याद आता है, जब मैंने 2 सितंबर 2012 को शाहजहांपुर की तहसील तिलहर में बैंक ऑफ बड़ौदा में क्लर्क के रूप में अपनी नौकरी में पहला कदम रखा था। सुबह से ही मन में उत्साह और हल्की-सी घबराहट का मिश्रण था। नए कपड़े पहनकर, आवश्यक दस्तावेजों को संभालते हुए जब मैं बैंक की शाखा में पहुंचा, तो वहां का वातावरण मेरे लिए बिल्कुल नया और अलग था। बैंक का विशाल हॉल, ग्राहकों की लंबी कतारें, कंप्यूटर की लगातार चलती आवाजें और कर्मचारियों की व्यस्तता यह सब देखकर मन में एक जिम्मेदारी का एहसास हुआ। 

शाखा प्रबंधक ने मुस्कुराते हुए मेरा स्वागत किया और अन्य कर्मचारियों से परिचय कराया। सभी ने पूर्णत: सहयोग का आश्वासन दिया, जिससे मेरा आत्मविश्वास और बढ़ा गया। मुझे पहले दिन काउंटर पर बैठाकर पासबुक अपडेट और छोटे-मोटे लेन-देन का कार्य सौंपा गया। शुरुआत में उंगलियां कीबोर्ड पर थोड़ी धीमी चल रही थीं और हर एंट्री को दो बार जांचने की आदत पड़ रही थी। एक-दो बार छोटी-सी गलती भी हुई, लेकिन वरिष्ठ सहकर्मी ने धैर्यपूर्वक समझाया। उनके सहयोग ने मुझे काम को समझने में सहज बना दिया।

ग्राहकों से संवाद करना मेरे लिए नया अनुभव था। कोई जल्दी में था, तो कोई अपनी समस्या लेकर परेशान। एक बुजुर्ग व्यक्ति जब पासबुक अपडेट कराने आए और काम होने पर मुस्कुराकर आशीर्वाद दिया, तो वह पल मेरे लिए बेहद खास बन गया। उस समय महसूस हुआ कि यह नौकरी सिर्फ लेन-देन तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों की सेवा और विश्वास से भी जुड़ी है। दोपहर तक काम का दबाव बढ़ गया, लेकिन धीरे-धीरे मैंने गति पकड़ ली। 

दिन के अंत में जब कैश मिलान सही निकला, तो मन में एक संतोष और आत्मविश्वास की भावना जागी। लगा कि मैंने अपने पहले दिन की परीक्षा सफलतापूर्वक पार कर ली। शाम को घर लौटते समय थकान जरूर थी, लेकिन उससे कहीं ज्यादा खुशी और गर्व का एहसास था। पहला दिन मेरे लिए केवल एक शुरुआत नहीं था, बल्कि जिम्मेदारी, सीख और आत्मविश्वास की नई यात्रा का आरंभ था। यह अनुभव हमेशा मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।- पुलकित कुमार,इटावा