सीएम योगी का मुजफ्फरनगर दौरा : लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की भव्य प्रतिमा का किया अनावरण, जानें क्या कहा...
मुजफ्फरनगर। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे, जहां उन्होंने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। यह कार्यक्रम जिला अस्पताल चौराहे पर आयोजित हुआ। सीएम योगी ने प्रतिमा का अनावरण करते हुए लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के योगदान को याद किया। सीएम योगी के साथ मंच पर केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल, ऊर्जा राज्यमंत्री डा सोमेंद्र तोमर, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डा संजीव बालियान, पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप आदि की मौजूदगी रही।
इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा, रोजगार, किसान कल्याण और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का किया अनावरण
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ की। उन्होंने शुकतीर्थ की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए इसे प्रेरणा और आध्यात्मिक चेतना की भूमि बताया। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को किसानों का मसीहा बताते हुए उनकी स्मृतियों को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण किया।
उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने भारतीय संस्कृति, धार्मिक धरोहरों और जनसेवा के क्षेत्र में अमूल्य योगदान दिया। काशी विश्वनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का उल्लेख करते हुए उन्होंने उनके कार्यों को प्रेरणादायी बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आज सुरक्षा का वातावरण है। बेटियां, व्यापारी, किसान और आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में अपराध और असुरक्षा का माहौल था, लेकिन अब कानून का राज स्थापित हुआ है।
प्रदेश में बड़े पैमाने पर की गई सरकारी भर्तियां
युवाओं के रोजगार पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर सरकारी भर्तियां की गई हैं। हाल में चयनित हजारों युवाओं को पुलिस सेवा में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया गया है। योगी ने उद्योगों और श्रमिकों के संबंध में कहा कि सरकार उद्यमियों को सुरक्षा और श्रमिकों को संरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है। न्यूनतम मानदेय सीधे श्रमिकों के खातों में पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि शिक्षामित्रों, रसोइयों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों और अन्य वर्गों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
रोजगार मेले में चयनित युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुजफ्फरनगर के विकास के लिए 951 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को नगर पालिका को नगर निगम बनाने का प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम के दौरान रोजगार मेले में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष जयंत चौधरी, राज्य सरकार के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
