स्मार्ट नहीं पीड़ित मीटर... अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर तीखा हमला, कहा-जनता पर बढ़ा बोझ

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

सुलतानपुर, अमृत विचारः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार को जिले में थे। दौरे के दौरान बिजली के स्मार्ट मीटरों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ये मीटर तेज़ी से चल रहे हैं, जिससे आम जनता के बिजली बिल में भारी बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने स्मार्ट मीटरों को ‘पीड़ित मीटर‘ करार देते हुए कहा कि यह जनता को पहले से ही पीड़ा देने का काम कर रहे हैं।

सपा नेता मोहम्मद रिजवान पप्पू के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि ‘ये स्मार्ट मीटर नहीं, बल्कि प्री-पीड़ा देने वाले पीड़ित मीटर हैं। मीटर इतनी तेजी से चल रहे हैं कि बिजली बिल आसमान छू रहा है। यही मुख्यमंत्री की स्मार्टनेस है।‘ उन्होंने भाजपा पर प्रतीकों की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के पास अपना समाजवादी चेहरा नहीं था, इसलिए उसने जयप्रकाश नारायण और भीमराव अंबेडकर जैसे महापुरुषों का सहारा लिया, लेकिन उनके विचारों पर अमल नहीं किया।

अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण को लेकर भी सरकार की नीयत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिना स्पष्ट व्यवस्था के आरक्षण लागू करने की बात की जा रही है, जिससे प्रक्रिया में गड़बड़ी की आशंका है। इसके साथ ही उन्होंने अयोध्या का जिक्र करते हुए कहा कि जब सपा और बसपा एकजुट हुए, तब भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था।

शहीद के घर पहुंचे पूर्व सीएम, परिवार को बंधाया ढांढस

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कुड़वार विकास खंड के पूरे वैसी मझना गांव में शहीद सैनिक अखिलेश शुक्ला के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। गौरतलब है कि 28 मार्च को जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान अखिलेश शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए दिल्ली के सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 8 अप्रैल को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी शहादत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी। सोमवार को विधायक ताहिर खान की पहल पर अखिलेश यादव सीधे शहीद के घर पहुंचे। 

शहीद के पिता ने जीवकोपार्जन के लिए की पेट्रोल पंप की मांग

उन्होंने पिता राधेकृष्ण शुक्ला सहित परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरी पार्टी और समाज परिवार के साथ खड़ा है। इस दौरान शहीद के पिता ने परिवार के भरण-पोषण के लिए पेट्रोल पंप लाइसेंस की मांग रखी। इस पर सपा प्रमुख ने हर संभव प्रयास कर शीघ्र लाइसेंस दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं विधायक ताहिर खान ने शहीद के सम्मान में गांव में सड़क और एक स्मृति द्वार बनवाने की घोषणा की। शहीद के घर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सपा मुखिया मझना से सीधे सुलतानपुर में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।

ये भी पढ़ें : 
गैस आपूर्ति व्यवस्था पर बाराबंकी डीएम सख्त, बैकलॉग खत्म करने के निर्देश  

संबंधित समाचार