बाराबंकी : पीड़ित की शिकायत पर एक्सईएन हटे, एसडीओ, जेई सस्पेंड, लाइनमैन बर्खास्त, जानें क्या है पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। विद्युत उपभोक्ता को प्रताड़ित करने का जो प्रकरण जिले में बेनतीजा घूमता रहा, वही प्रकरण ऊर्जा मंत्री के जनसुनवाई कार्यक्रम में पहुंचा तो न्याय मिल गया। इस मामले में एक्सईएन को नोटिस देकर हटाते हुए एसडीओ व जेई को निलंबित कर दिया गया, वहीं लाइनमैन को बर्खास्त कर दिया गया है। मामला नवाबगंज तहसील क्षेत्र का है, जहां भिटौली कला गांव निवासी रामजेई पत्नी सुरेश विश्वकर्मा ने घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। 

पीड़िता के पुत्र विमल कुमार को 2 किलोवाट कनेक्शन के लिए लगातार विभागीय अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़े। आरोप है कि सर्वे के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारी मनीष वर्मा ने कनेक्शन जारी करने के नाम पर 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। परिवार द्वारा घूस देने से इनकार करने पर विभाग ने कनेक्शन के लिए 3,39,967 रुपये का भारी-भरकम एस्टीमेट थमा दिया, जो कथित रूप से घर की कीमत से भी अधिक था। 

पीड़ित परिवार ने इस संबंध में जिलाधिकारी से भी शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद मामला ‘सम्पर्क सेवा समाधान’ जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा मंत्री के संज्ञान में आया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मंत्री ने पीड़ित की पूरी बात सुनी और जांच के आदेश दिए। जांच में आरोप सही पाए जाने पर मंत्री ने तत्काल प्रभाव से कड़ी कार्रवाई की। 

कार्रवाई के तहत अधिशासी अभियंता घनश्याम त्रिपाठी को नोटिस देकर हटाने के निर्देश दिए गए। एसडीओ रवि वर्मा, अवर अभियंता अभिनव श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया गया, इसी क्रम में रिश्वत मांगने वाले लाइनमैन मनीष वर्मा को सेवा से बर्खास्त करने के आदेश दिए गए हैं।

संबंधित समाचार