Bareilly: सगाई का खाना नहीं किया पैक...नाराज दूल्हा का शादी से इन्कार, एसएसपी तक पहुंची बात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शादी में दूल्हा बने या बनने जा रहे शख्स की नाराजगी की वजह कोई भी हो सकती है। दूल्हा की नाराजगी को हिंदुस्तानी तहजीब में बड़े अदब के साथ समझा जाता है और उसे मनाने की कोशिश को भी सभ्यता का हिस्सा माना जाता है। मगर बरेली वाले एक दूल्हा ने तो हद कर दी। छोटी सी बात पर नाराजगी तक तो ठीक था मगर शादी से इन्कार किया तो मामला एसएसपी की चौखट तक पहुंच गया। 

मामला बरेली के भोजीपुरा इलाके का है...एक गांव में मंगनी कार्यक्रम में लड़की पक्ष ने लाखों रुपये खर्च किए। सोने के उपहार दिए और मेहमानों का भरपूर सत्कार किया। विदाई के समय जब लड़की वाले लड़के और उसके परिवार के लिए खाना पैक करना भूल गए, तो लड़के वालों ने इसे अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया। विवाद इतना बढ़ा कि दूल्हा पक्ष ने पूर्व निर्धारित 25 अप्रैल के निकाह से ही इन्कार कर दिया और समझौते के नाम पर लग्जरी कार व आठ लाख रुपये नकद की मांग शुरू कर दिए। 

लड़की के भाई ने इस अपमान और दहेज की मांग को लेकर एसएसपी अनुराग आर्य से न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और कार्ड भी छप चुके हैं। लेकिन लड़के वाले अब लालच के कारण पीछे हट रहे हैं। सबूत के तौर पर लड़की पक्ष ने कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग्स और मंगनी के खर्च के प्रमाण भी पुलिस को सौंपे। फिलहाल एसएसपी के निर्देश पर भोजीपुरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

संबंधित समाचार