वाराणसी : एटीएस ने चिकित्सक के आवास पर की छापामारी, टेरर फंडिंग से जुड़े मामले कर रही पूछताछ
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में आतंकवाद विरोधी दस्ता (एटीएस) ने मंगलवार को आदमपुर क्षेत्र स्थित एक चिकित्सक के आवास पर छापेमारी की। प्रारंभिक सूचना के अनुसार जांच एजेंसियां कथित टेरर फंडिंग से जुड़े इनपुट के आधार पर पूछताछ कर रही हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि महाराष्ट्र एटीएस को कुछ महत्वपूर्ण सूचनाएं मिलने के बाद वाराणसी एटीएस की टीम स्थानीय पुलिस के सहयोग से चिकित्सक के घर पहुंची। कार्रवाई के दौरान आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। सूत्रों के अनुसार चिकित्सक परिवार सहित भवन की ऊपरी मंजिल पर निवास करते हैं, जबकि निचली मंजिल पर नर्सिंग होम संचालित होता है।
जांच एजेंसियां लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही हैं। बताया जा रहा है कि जांच का केंद्र कुछ संदिग्ध व्हाट्सएप चैट हैं, जिनका संबंध चिकित्सक के पुत्र से जोड़ा जा रहा है। स्थानीय एटीएस, महाराष्ट्र एटीएस तथा खुफिया एजेंसियां परिजनों के मोबाइल फोन और बैंक खातों की भी जांच कर रही हैं। फिलहाल मामले में जांच जारी है और आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
