Barabanki News : ऑपरेशन के दौरान महिला के शरीर में कॉटन छोड़ने का आरोप, सीएमओ ने दिये जांच के निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। एक निजी अस्पताल में प्रसव ऑपरेशन के दौरान महिला के शरीर में कॉटन छोड़ दिया गया। लगातार दर्द के बाद जांच कराने पर यह लापरवाही सामने आई। पीड़िता के पिता ने सीएमओ से निजी अस्पताल की लापरवाही की शिकायत की। जिस पर जांच समिति बिठा दी गई है।

नगर पंचायत रामनगर निवासी अजय पांडेय ने बताया कि उनकी पुत्री शालू पांडेय को दो मार्च की रात प्रसव पीड़ा होने पर बाराबंकी शहर स्थित न्यू सहारा हॉस्पिटल, खोया मंडी में भर्ती कराया गया था। पांच मार्च को अस्पताल में ऑपरेशन के बाद बेटी का जन्म हुआ।

आरोप है कि 13 मार्च को डिस्चार्ज होने के बाद से ही शालू के पेट में लगातार तेज दर्द, सूजन और अन्य दिक्कतें बनी रहीं। कई बार अस्पताल में शिकायत करने के बावजूद डॉक्टर सही कारण नहीं बता सके। इसी बीच 19 मई को महिला के यूरिन मार्ग से अचानक एक बड़ा टुकड़ा बाहर निकल आया।

इससे घबराए परिजन तत्काल उसे सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने अल्ट्रासाउंड सहित अन्य जांच कराने की सलाह दी। जांच में बच्चेदानी में सूजन की पुष्टि हुई। वहीं जांच कराने पर ऑपरेशन के दौरान इस्तेमाल किया गया कॉटन निकला, जो महिला के शरीर में ही छूट गया था।

पिता ने इसे गंभीर चिकित्सीय लापरवाही बताते हुए संबंधित डॉक्टरों, अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव को शिकायती पत्र दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार