बाराबंकी : युवती का शव मिला, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

निन्दूरा, बाराबंकी, अमृत विचार : बड्डूपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह नहर की ढलान पर युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवती का चेहरा केमिकल से बिगाड़ने की कोशिश की गई, आशंका है कि दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या कर जल्दी में हत्यारे शव नहर किनारे ही छोड़ गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने अज्ञात युवती का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

जानकारी के अनुसार क्षेत्र स्थित बाबा त्यागी दास कुटी के पास पिपरौली शारदा नहर पुल की ढलान पर करीब 26 वर्षीय युवती का शव ग्रामीणों ने देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है, क्योंकि घटनास्थल पर युवती का चेहरा किसी रसायन से जलाने का प्रयास किया गया, सिर के नीचे की घास भी जल गई थी। वहीं गर्दन पर निशान मिलने से गला दबाकर हत्या का संकेत मिला। खास बात यह कि शव नहर की ढलान पर मिला, जिससे प्रतीत हो रहा कि हत्यारे जल्दबाजी में शव किनारे छोड़ कर चले गए वरना उनका इरादा शव नहर में फेंकने का था। बहरहाल काफी प्रयास के बावजूद युवती की पहचान नहीं हो सकी है। 

आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही। कोतवाल मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

संबंधित समाचार