अटल विद्यालयों के 93.15 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्णः वाराणसी और प्रयागराज के स्कूलों का 100 प्रतिशत परिणाम, संगम यादव बने टॉपर
लखनऊ, अमृत विचार : निर्माण श्रमिकों और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए संचालित अटल आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों पहली ही सीबीएसई हाईस्कूल परीक्षा में इतिहास रच दिया है। प्रदेश के इन विद्यालयों का कुल परीक्षा परिणाम 93.15 फीसदी रहा, जो इस नई शैक्षिक पहल की सफलता को दर्शाता है। विद्यालयों की मेधा सूची में आजमगढ़ के संगम यादव ने 97.6 फीसदी अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया।
इस वर्ष 2,178 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जिनमें से अधिकांश सफल रहे। खास बात यह रही कि वाराणसी और प्रयागराज के अटल आवासीय विद्यालयों ने 100 फीसदी परिणाम हासिल कर उत्कृष्टता का नया मानदंड स्थापित किया।
मेधा सूची में वाराणसी के हर्ष कुशवाहा 97.2 फीसदी अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि प्रयागराज के हर्षित ने 95.8 फीसदी अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। आगरा के गणेश (95.4प्रतिशत) और मुरादाबाद के उदय प्रताप (95 प्रतिशत) भी शीर्ष प्रदर्शन करने वालों में शामिल रहे।
परीक्षा में 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने 90 फीसदी से ज्यादा अंक हासिल किए, जबकि करीब 250 विद्यार्थियों ने 80 से 90 फीसदी के बीच अंक प्राप्त किए। इससे विद्यालयों के उच्च शैक्षणिक स्तर की पुष्टि होती है।
