हॉकी के धुरंधरों का जलवा: 16वीं सब जूनियर चैंपियनशिप में यूपी ने जीता गोल्ड, लखनऊ में खिलाड़ियों का भव्य सम्मान

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली उत्तर प्रदेश हॉकी टीम का गुरुवार रात केडी सिंह बाबू स्टेडियम में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विजेता टीम के लखनऊ पहुंचने पर स्टेडियम परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। 

जैसे ही खिलाड़ी ट्रॉफी के साथ स्टेडियम पहुंचे, कैमरों की फ्लैश लाइट्स और दर्शकों की तालियों से पूरा माहौल गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया, जहां हॉल लगातार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। 

समारोह में सभी खिलाड़ियों को अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह और यूपी हॉकी की ओर से नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में मौजूद पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने खिलाड़ियों को स्वर्णिम उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 

भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और यूपी हॉकी सचिव रजनीश मिश्रा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सफलता की यह यात्रा यहीं नहीं रुकनी चाहिए। उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के सचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनके प्रयासों की प्रशंसा की। इस अवसर पर पूर्व आरटीओ एके त्रिपाठी, यूपी हॉकी के उपाध्यक्ष अभिजीत सरकार और कोषाध्यक्ष निशा मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें : 
ऑरेंज कैप पर विराट कोहली का कब्ज़ा: क्लासन-पाटीदार के अलावा ईशान किशन-वैभव सूर्यवंशी लिस्ट में शामिल, जानिए पर्पल कैप की रेस में किसका नाम

संबंधित समाचार