गर्म हवाओं के थपेड़ों ने किया बेहाल ...तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना, जानें मौसम का हाल
लखनऊ, अमृत विचार : शहर में दोपहर तो तप ही रही है, रातें भी गर्म होने लगी हैं। गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री बढ़कर 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दोपहर में तेज धूप के कारण राहगीर बेहाल रहे। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना है न्यूनतम तापमान में भी 1-2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है।
शहर का तापमान लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी बढ़ती गई। हालत ये रही कि दोपहर में हवा गर्म हो गई और लू जैसा एहसास होने लगा। इससे राहगीर बेहाल दिखे। किसी ने धूप से बचाव के लिए छाते का सहारा लिया तो कोई पेड़ों की छांव में सुस्ताता नजर आया। गन्ने के जूस, पना और कोल्डड्रिंग की दुकानों में भीड़ बढ़ गई।
धूप से बचाव के लिए महिलाएं दुपट्टे और पुरुष गमछे से सिर व चेहरा ढके रहे। दोपहर में सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई। बाजारों में सन्नाटा हो गया। जरूरी काम से ही लोग घरों और कार्यालयों से बाहर निकले। दोपहर में छुट्टी के बाद कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी धूप से किसी तरह बचने का प्रयास करते रहे।
ये भी पढ़ें :
लखनऊ में आयकर अधिकारियों,कर्मचारियों का प्रदर्शन, लंबित मांगों को लेकर जताया विरोध
