लखनऊ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी, राष्ट्र प्रेरणा स्थल में होगी आईपीएल की लाइव स्क्रीनिंग
लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक अच्छी खबर है। बसंतकुंज स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में अब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के रोमांचक मुकाबलों की लाइव स्क्रीनिंग होगी। गुरुवार को एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किया और ट्रायल किया गया। प्रसारण देखने के लिए दर्शकों को कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।
उपाध्यक्ष ने बताया कि एलडीए की इस पहल का उद्देश्य शहरवासियों को एक साथ बैठकर मैच का आनंद ले सकें। इससे सामूहिक उत्साह और खेल के प्रति बढ़ावा मिलेगा। दर्शक खुले वातावरण में उच्च गुणवत्ता वाले प्रोजेक्टर और साउंड सिस्टम के माध्यम से मैच का लुत्फ उठा सकेंगे। एलडीए प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कार्यक्रम के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं संचालित रहें।
सुरक्षा, स्वच्छता और दर्शकों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। यह पहल न केवल खेल प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होगी, बल्कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
आईपीएल मैच की स्क्रीनिंग के दौरान राष्ट्र प्रेरणा स्थल के बंद होने के समय को बढ़ाएंगे। इस सुविधा को शुरू करने के लिए गुरुवार रात आईपीएल मैच की स्क्रीनिंग का ट्रायल रन किया गया, जो की पूरी तरह सफल रहा।
ये भी पढ़ें :
हॉकी के धुरंधरों का जलवा: 16वीं सब जूनियर चैंपियनशिप में यूपी ने जीता गोल्ड, लखनऊ में खिलाड़ियों का भव्य सम्मान
