RCB VS DC: आरसीबी की तूफानी बल्लेबाजी या दिल्ली की जूझती गेंदबाजी... जानें किसका पलड़ा भारी... कल बेंगलुरु में होगा clash
बेंगलुरुः रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सत्र में एक ऐसी टीम है जिसने खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन किया है और वह शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ यहां होने वाले मैच में भी अपना दबदबा बनाए रखने की कोशिश करेगी। आरसीबी की टीम में अभी तक सारा ध्यान विराट कोहली पर केंद्रित रहा है और इस दिग्गज बल्लेबाज ने भी अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया है। उन्होंने अब तक टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाए हैं और ऑरेंज कैप उनके पास है। लेकिन कोहली भी यह स्वीकार करेंगे कि आरसीबी की बल्लेबाजी अब पूरी तरह से उन पर निर्भर नहीं है। कप्तान रजत पाटीदार, देवदत्त पडिक्कल, फिल साल्ट और टिम डेविड ने इस सत्र में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से विशेष छाप छोड़ी है और वे दिल्ली के खिलाफ इसे जारी रखना चाहेंगे।
पाटीदार ने छक्के जड़ने की अपनी काबिलियत का शानदार नमूना पेश किया है। वह पांच मैच में 21 छक्के लगाकर शीर्ष पर काबिज हैं। अन्य बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से कोहली को अपना नैसर्गिक खेल खेलने की छूट मिली है। इसके विपरीत दिल्ली के बल्लेबाज अभी तक जूझते रहे हैं और वह सामूहिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। दिल्ली के पास केएल राहुल, पथुम निसांका, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर और नीतीश राणा जैसे कुछ अनुभवी बल्लेबाज हैं, लेकिन उनमें से कोई भी अब तक लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया है। दिल्ली अभी चार अंकों के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर है। युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने ही कुछ हद तक जुझारूपन दिखाया है। उन्होंने दो अर्धशतक बनाए हैं लेकिन उनके प्रदर्शन में भी निरंतरता का अभाव है।
दिल्ली ने अभी तक मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत हासिल की है और यह दोनों टीम भी उसी की तरह संघर्ष कर रही है। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने इस सत्र में अभी तक निराशाजनक प्रदर्शन किया है। उन्होंने चार मैचों में सिर्फ तीन विकेट लिए हैं और उतने ही रन बनाए हैं। दिल्ली की गेंदबाजी में भी निरंतरता का अभाव स्पष्ट नजर आ रहा है। बाएं हाथ की कलाई की स्पिनर कुलदीप यादव पूरी तरह से लय से बाहर नजर आ रहे हैं। उन्होंने प्रति ओवर लगभग 10 रन लुटाते हुए सिर्फ तीन विकेट लिए हैं, जबकि तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और टी नटराजन भी टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन कर पाए हैं। आरसीबी के मजबूत बल्लेबाजी क्रम को रोकना दिल्ली के गेंदबाजों के लिए कड़ी चुनौती होगी। दूसरी तरफ आरसीबी की गेंदबाजी भी काफी मजबूत नजर आ रही है। उसके पास ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेज़लवुड की अगुवाई में एक सक्षम गेंदबाजी इकाई है।
टीम इस प्रकार हैं:
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, टिम डेविड, जैकब बेथेल, रोमारियो शेफर्ड, जोश हेज़लवुड, नुवान तुषारा, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, रसिख डार, भुवनेश्वर कुमार, जॉर्डन कॉक्स, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, स्वप्निल सिंह, जैकब डफी, कनिष्क चौहान, अभिनंदन सिंह, मंगेश यादव, फिल साल्ट, सात्विक देसवाल, विक्की ओस्तवाल, विहान मल्होत्रा।
दिल्ली कैपिटल्स: अक्षर पटेल (कप्तान), केएल राहुल, करुण नायर, डेविड मिलर, पथुम निसांका, साहिल पारख, पृथ्वी साव, अभिषेक पोरेल, ट्रिस्टन स्टब्स, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, अजय मंडल, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, औकिब डार, नीतीश राणा, मिचेल स्टार्क, टी नटराजन, मुकेश कुमार, दुष्मंथा चमीरा, लुंगी एनगिडी, काइल जैमीसन, कुलदीप यादव।
मैच दोपहर 3.30 बजे शुरू होगा।
