UP:अंबेडकर प्रतिमा हटाने पर गांव में विवाद, पुलिस-ग्रामीण आमने-सामने

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

शाहजहांपुर। जलालाबाद थाना क्षेत्र के राजपुरा नगला गांव में अंबेडकर प्रतिमा को लेकर देर रात विवाद हो गया, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया, जबकि पुलिस का कहना है कि प्रतिमा बिना अनुमति के स्थापित की गई थी, इसलिए उसे हटाया गया।

ग्रामीणों के अनुसार 14 अप्रैल को ग्राम प्रधान की सहमति से प्रतिमा स्थापित की गई थी। उनका आरोप है कि रात में कुछ युवकों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद बताया कि प्रतिमा उसी रात स्थापित की गई थी और इसके लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वालों पर कार्रवाई करने के बजाय उनसे ही विवाद किया और हथौड़े से प्रतिमा हटाकर अपने साथ ले गई। साथ ही सादी वर्दी में आए लोगों ने विरोध करने पर ग्रामीणों से मारपीट की, जिसमें महिलाओं को भी चोटें आईं।

घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने प्रतिमा को कब्जे में ले लिया है। एसपी ग्रामीण दीक्षा भवरे ने बताया कि ग्राम प्रधान और उसके सहयोगी के खिलाफ बिना अनुमति सरकारी जमीन पर प्रतिमा स्थापित करने के मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

संबंधित समाचार