KGMU के डॉ. कमलेश्वर सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी : बने डेंटल एडवाइजरी काउंसिल के सदस्य

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के प्रोस्थोडॉन्टिक्स विभाग के प्रो. डॉ. कमलेश्वर सिंह को नेशनल डेंटल कमीशन (NDC) नई दिल्ली की डेंटल एडवाइजरी काउंसिल का सदस्य नामित किया गया है।

डॉ. कमलेश्वर सिंह मौजूदा समय में KGMU, लखनऊ के प्रोस्थोडॉन्टिक्स विभाग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी स्नातक व स्नातकोत्तर शिक्षा इसी प्रतिष्ठित संस्थान से प्राप्त की है और लगातार शिक्षण, शोध एवं चिकित्सकीय सेवाओं में उत्कृष्टता प्रदर्शित कर रहे है।

एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त शिक्षाविद् के रूप में, डॉ. सिंह का चयन जापान में आयोजित जापान प्रोस्थोडॉन्टिक सोसाइटी एवं इंडियन प्रोस्थोडॉन्टिक सोसाइटी के संयुक्त इंटरनेशनल साइंटिफिक एक्सचेंज प्रोग्राम के लिए किया गया था। उन्हें यंग बायोमेडिकल साइंटिस्ट्स स्कीम के तहत प्रतिष्ठित ICMR इंटरनेशनल फेलोशिप (ICMR-IF) भी मिल चुकी है।

अपने शैक्षणिक योगदान के अलावा डॉ. कमलेश्वर सिंह मरीजों की देखभाल में भी सक्रिय रहते हैं। मरीजों को प्रोस्थोडॉन्टिक उपचार प्रदान करते हैं। इतना ही नहीं डॉ. कमलेश्वर ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में 60 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए हैं तथा अनेक स्नातकोत्तर शोध प्रबंधों का मार्गदर्शन किया है, जिससे प्रोस्थोडॉन्टिक शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान मिला है।

संबंधित समाचार