Bareilly : मेड़ विवाद में वृद्ध की हत्या में तीन भाइयों को उम्रकैद

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

11 साल पहले शाही थाना क्षेत्र के ग्राम पंथरा में हुई थी वारदात

विधि संवाददाता बरेली, अमृत विचार। 11 वर्ष पूर्व मेड़ काटने के विवाद में सिर में फावड़ा मारकर वृद्ध की हत्या करने के मामले में थाना शाही के ग्राम पंथरा निवासी तीन सगे भाइयों में तिलकराम, वीरपाल और ओमप्रकाश को जिला जज प्रदीप कुमार सिंह ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही प्रत्येक को 26-26 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।

डीजीसी क्राइम रीतराम राजपूत ने बताया कि बिहारी लाल ने थाना शाही में तहरीर देकर बताया था कि 16 मई 2015 को अपने खेत पर शाम 5 बजे अपनी शिवाली की नराई कर रहा था। उसके गांव के ही भोले, तिलकराम, ओमप्रकाश व वीरपाल अपने खेत में चरी की बुबाई कर रहे थे। इन लोगों ने फावड़ा व कसी से उसके खेत की मेड़ काट दी थी। इसका विरोध किया तो मारपीट की। वह भागकर अपने घर आया तो उसके पीछे आरोपी भी कसी, फावड़ा, लाठी व डंडा लेकर आ गये औरमारपीट करने लगे। उसके पिता रामदयाल, बेटे महेन्द्र व कोमिल बचाने दौड़े तो आरोपियों ने उसके पिता के सिर में फावड़ा मार दिया जिससे उनकी मौत हो गई। उन लोगों को काफी चोटें आईं। पुलिस ने हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट, अपमानित करने की धाराओं में भोले समेत 4 के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना उपरांत भोले व उसके तीन पुत्रों के विरुद्ध आरोप पत्र कोर्ट भेजा था। मुकदमे के दौरान भोले की मृत्यु हो जाने के कारण उसके विरुद्ध केस कार्यवाही खत्म कर दी गयी थी। अभियोजन ने 12 गवाह पेश किये।

संबंधित समाचार