यूपी में शिक्षामित्रों को इसी माह से मिलेगा बढ़ा भुगतान, योगी सरकार ने जारी किया 250 करोड़ का फंड
लखनऊ, अमृत विचार: परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षामित्रों को बड़ी राहत देते हुए प्रदेश सरकार ने उनका मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपये कर दिया है। इसके लिए सरकार ने 250 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है, जिससे इसी माह से शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय का लाभ मिलने लगेगा।
बेसिक शिक्षा विभाग के तहत जारी यह बजट बेसिक शिक्षा निदेशालय के माध्यम से सभी जिलों को आवंटित कर दिया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, यह राशि विशेष रूप से शिक्षामित्रों के मानदेय भुगतान के लिए ही उपयोग की जाएगी।
बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि धनराशि का उपयोग केवल निर्धारित मद में ही किया जाए। साथ ही समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत भी मानदेय भुगतान की प्रक्रिया जारी रहेगी। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के हजारों शिक्षामित्रों को आर्थिक राहत मिलेगी और शिक्षा व्यवस्था में उनकी भूमिका को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
