गैरहाजिर पांच अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस, CCTV की निगरानी में होंगे जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्र

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अयोध्या, अमृत विचार: मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह की अध्यक्षता में बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। जिसमें तय किया गया कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र अब सीसीटीवी की निगरानी में होंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में गैर हाजिर रहे अधिशासी अधिकारी भदरसा, माँ कामाख्या एवं सुचित्तागंज सहित अधिशासी अभियन्ता पीडब्लूडी सीडी-4 एवं अधिशासी अभियन्ता, ग्रामीण अभियन्त्रण को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिये।

बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि अब शिशु अमृत, शिशु आहार, बाल पुष्टिकर, सम्पूर्ण मातृ आहार, आरोग्य पोषण, बाल संजीवनी तथा सक्षम पोषण ब्राण्ड नाम ये रेसेपी बेस्ड पोषाहार की आपूर्ति आंगनबाड़ी केन्द्रों पर की जायेगी। यह आपूर्ति नेफेड द्वारा सीधे कार्यक्रम आंगनबाड़ी केन्द्रों पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को उनके मोबाइल पर संदेश देकर और ओटीपी सत्यापन के बाद कराई जायेगी। स्वयं सहायता समूहों द्वारा बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालयों से खाद्यान्न उठान कराते हुए आंगनबाडी केन्द्रों पर प्राप्त कराने की मौजूदा व्यवस्था शासन के निर्देशानुसार समाप्त हो चुकी है। प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्र को सर्वे के साथ मैप करने और जहाँ विभागीय भवन उपलब्ध नहीं है उन गांवों में विभागीय भवन के निर्माण में प्राथमिकता दिये जाने सम्बन्धी निर्देश मुख्य विकास अधिकारी ने दिये। कहा कि पूरी कार्यवाही 15 दिनों में पूरी की जाए। साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्रों के ऐसे बच्चे जो जुलाई, 2026 में छह वर्ष के हो जायेंगे, उन्हें निकटतम प्राथमिक विद्यालय में दाखिला कराने के निर्देश दिये।

संबंधित समाचार