उत्तराखंड बोर्ड परिणाम घोषित : छात्राओं ने लहराया परचम, 10वीं में रामनगर के अक्षत गोपाल ने किया टॉप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामनगर, अमृत विचार। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद् द्वारा जारी हाईस्कूल एवं इंटर मीडियट की परीक्षा में हाईस्कूल में उत्तीर्ण प्रतिशत 92.10 रहा तो इंटर में  कुल परीक्षाफल 85.11प्रतिशत रहा। दोनों परीक्षाओं में इस बार भी छात्राओं का परचम लहराया। हाईस्कूल परीक्षा में छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत जहां  96.07 रहा तो छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.03 रहा।

इंटरमीडिएट में भी छात्राएं 88.09प्रतिशत से पहले नंबर पर रही तो बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.93  रहा। हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश की संयुक्त श्रेष्ठता सूची में एमपी हिंदू इंटर कालेज रामनगर के अक्षत गोपाल 98.20 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया।

जबकि इंटर परीक्षा में प्रदेश की संयुक्त श्रेष्ठता सूची में सरस्वती शिशु मंदिर बागेश्वर की छात्रा गीतिका पंत एवं भानजुराम अमर इंटर कालेज भूरारानी उधम सिंह नगर की छात्रा सुशीला मेंहदीरत्ता ने 98प्रतिशत अंक प्राप्त करते हुए प्रदेश की श्रेष्ठता सूची में संयुक्त रूप से सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया।

शनिवार को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद् के सभागार में परिषद के सभापति डॉ मुकुल सती, शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत, विधायक दीवान सिंह बिष्ट,एवं परिषद के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी  ने संयुक्त रूप से परीक्षाफल घोषित किया।

बता दे कि इस वर्ष हाईस्कूल परीक्षा में कुल 108983 परीक्षार्थी शामिल हुए थे जिसमें कुल 100373 परीक्षार्थी  उत्तीर्ण हुए। जबकि इंटरमीडिएट में 100452 परीक्षार्थी शामिल हुए जिनमें 85499परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। हाईस्कूल में इशांत कोठारी एस वीएम आई सीएस चिन्यालीसौड़ उत्तरकाशी तथा भूमिका, जीबी पंत जीआईसी खैरना नैनीताल ने 98 प्रतिशत अंक लाकर प्रदेश की संयुक्त श्रेष्ठता सूची में दूसरा स्थान प्राप्त किया।

भूमिका ने  बालिकाओं की सूची में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। योगेश जोशी  विवेकानंद  वी एम आई सी मंडलशेरा बागेश्वर ने 97.80प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश की संयुक्त श्रेष्ठता सूची में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। वहीं इंटर में आर्यन एस वीएमआईसी आवास विकास रिषिकेश देहरादून ने97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश की श्रेष्ठता सूची में दूसरा तो वंशिका, सरस्वती विद्यामंदिर इंटर कालेज मायापुर हरिद्वार ने97प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश की श्रेष्ठता सूची में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री ने दी विद्यार्थियों को बधाई        

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, शिक्षा मंत्री डा धन सिंह रावत समेत विद्यालयी शिक्षा सचिव रविनाथ रामन,विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक दीप्ति सिंह ने सफल होने वाले विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी है।

संबंधित समाचार